100 फुट गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत, 8 घायल

Jan 27, 2025

पुणे,। पुणे के निकट वरंध घाट पर एक भयानक सड़क हादसा होने की खबर सामने आई है। बताया गया है कि 9 लोगों को ले जा रही एक इको-कार 100 फुट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि आठ लोग घायल हो गये। कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुणे में भोर-महाड रोड पर वरंध घाट पर सोमवार सुबह एक ईको कार 100 फुट गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा 8 लोग घायल हो गए। इको कार महाड से भोर की ओर आ रही थी।

तभी सुबह चार बजे वरंध घाट के उंबरडे गांव की सीमा में कार अचानक 100 फुट गहरी खाई में गिर गई। प्रारंभिक जानकारी मिली है कि यह दुर्घटना कार चालक के कार पर नियंत्रण खोने के कारण हुई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके अलावा बचाव दल भी तुरंत पहुंच गया। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। मृतक युवक का नाम शुभम शिर्के है। घायलों के नाम हैं मंगेश गूजर (26), आशीष गायकवाड़ (29), सिद्धार्थ गंधाने (26), सौरभ महाडे (22), गणेश लवंडे (27), अमोल रेकिनार (27), यशराज चंद्रा (22) और आकाश अडकर (25)। भोर पुलिस घटना की जांच कर रही है।


Subscribe to our Newsletter