ट्रक से टकराई कार, तीन साल के मासूम को छोड़ सभी 8 लोगों की मौत
Oct 04, 2023
वाराणसी। यूपी के वाराणसी में बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार करीब 7 बजे ट्रक और कार के बीच हुए इस एक्सीडेंट में कार में सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 3 साल का मासूम गंभीर रूप से घायल है। मासूम को अस्पताल में एडमिट कराया गया है, जहां डॉक्टर उसकी जान बचाने में जुटे हुए हैं। यह सड़क हादसा फूलपुर थाना के करखियाव में उस वक्त हुआ जब तेज रफ़्तार एर्टिगा कार की टक्कर एक ट्रक से हो गई।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया साथ ही उनके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। कार में सिर्फ़ एक तीन वर्ष के बच्चे को छोड़ सभी आठ की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी पीड़ित पीलीभीत के निवासी थे। बुधवार सुबह काशी दर्शन के बाद सभी बनारस से जौनपुर जा रहे थे, तभी फूलपुर थाना के करखियाव के पास यह हादसा हुआ।
फिलहाल पुलिस हादसे की तफ्तीश में जुटी है। इधर सीमए योगी आदित्यनाथ ने जनपद वाराणसी में हुए सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। सीएम योगी ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उसके समुचित उपचार के निर्देश देते हुए शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।