आईपीओ के जरिए केनेरा रोबेको एएमसी में बेचेगा हिस्सेदारी

Mar 29, 2024

नई दिल्ली । केनरा बैंक ने अपनी सहायक कंपनी केनेरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट में 13 प्रतिशत इक्विटी शेयर बेचने की योजना बनाई है। सार्वजनिक क्षेत्र के ऋणदाता ने एक्सचेंजों को एक फाइलिंग में कहा कि उसने प्रारंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) के माध्यम से 13 प्रतिशत हिस्सेदारी कम करने की प्रक्रिया शुरू करने की मंजूरी दे दी है। हालांकि, प्रस्तावित आईपीओ पर भारतीय रिजर्व बैंक और भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के तहत वित्तीय सेवा विभाग से मंजूरी मिलना अभी बाकी है। बता दें कि केनरा बैंक ने दिसंबर 2023 में आईपीओ के जरिए अपनी म्यूचुअल फंड सहायक कंपनी को लिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी थी। यदि केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट कंपनी शेयर बाजार में लिस्ट होती है तो यह पांचवां लिस्टेड म्यूचुअल फंड हाउस होगा।

एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी, यूटीआई एसेट मैनेजमेंट कंपनी, आदित्य बिड़ला सन लाइफ एएमसी और निप्पॉन लाइफ इंडिया एसेट मैनेजमेंट पहले से लिस्टेड 4 म्यूचुअल फंड हाउस हैं। केनरा रोबेको एएमसी की स्थापना 1993 में हुई थी और इसे कैनबैंक म्यूचुअल फंड के नाम से जाना जाता था। 2007 में केनरा बैंक ने रोबेको समूह के साथ एक संयुक्त उद्यम (जेवी) साझेदारी में प्रवेश किया और म्यूचुअल फंड का नाम बदलकर केनरा रोबेको म्यूचुअल फंड कर दिया गया। बता दें कि रोबेको ओ‎रिक्स कारपोरेशन (जापान) का हिस्सा है।



Subscribe to our Newsletter