भाजपा-कांग्रेस के नाराज चेहरों को बनाएंगे प्रत्याशी: अखिलेश

Sep 29, 2023


छतरपुर में सपा प्रमुख यादव ने पत्रकारों से चर्चा में कहा

भोपाल । समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के नाराज नामी चेहरों को वह अपना उम्मीदवार बना सकती है। हम भाजपा को हराने के लिए पूरा जोर लगा देंगे। दमदार उम्मीदवार मैदान में उतारे जाएंगे। उन्होंने खुलासा किया कि उनकी पार्टी अभी मध्य प्रदेश में अकेले चुनाव में जाने की तैयारी कर रही है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को खजुराहो में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उक्त बातें कही। छतरपुर पहुंचे अखिलेश यादव ने इंडिया गठबंधन को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी की स्थिति जहां मजबूत है वह अकेले चुनाव लड़कर बीजेपी को रोकने की कोशिश करेगी। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अखिलेश यादव ने कहा है कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वाली भाजपा को मध्यप्रदेश की प्रत्याशियों की सूची में सबसे पहले 33 प्रतिशत महिलाओं को शामिल करना चाहिए।

अखिलेश यादव से कांग्रेस के पूर्व विधायक शंकर प्रताप सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम पटेल, पूर्व भाजपा विधायक आरडी प्रजापति, डीलमणि सिंह और प्रकाश पांडे सहित अन्य नेता मिलने पहुंचे। ये वह चेहरे हैं, जो जिले की विधानसभा सीटों पर अपनी पार्टी से टिकट की मांग कर रहे हैं, कुछ जगह पार्टी ने उम्मीदवार घोषित भी कर दिए हैं।अखिलेश यादव ने ग्राम पंचायत पहरा पुरवा के ग्राम सिंगरों में आदिवासी परिवार के साथ दरी पर बैठकर भोजन भी किया। 



Subscribe to our Newsletter