बाबा बोखनाथ की कृपा से सिलक्यारा सुरंग के बाहर प्रकट हुए भोलेनाथ
Nov 27, 2023
-एक विशेष आकृति बनी चर्चा का विषय, तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर हुए वायरल
उत्तरकाशी,। सिलक्यारा सुरंग कांड के बाद जहां 41 श्रमिक जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं, वहीं भगवान शंकर की विशेष आकृति दिखने की चर्चा भी जोरों पर है। मिली जानकारी के अनुसार सिलक्यारा टनल के बाहर ऐसी आकृति दिखी, जो चर्चा का विषय बन गई। सुरंग के ठीक बाहर स्थित बाबा बौखनाग मंदिर के पीछे पानी से कुछ ऐसी आकृति बनी, जो भगवान शंकर की प्रतिमा जैसी दिखती है। इसे बाबा बोखनाथ की कृपा बताई जा रही है। इसकी तस्वीरें और वीडियो देखते-देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। बताया यह भी जा रहा है कि बाबा बौखनाग का मंदिर ठीक उस सुरंग के बाहर है, जिसमें मजदूर फंसे हैं। जब सुरंग का निर्माण शुरू हुआ तो मंदिर को उसके मूल जगह से हटाकर सुरंग के अंदर कोने में स्थापित किया गया था। हालांकि हादसे के बाद मंदिर को दोबारा पहले वाली जगह पर स्थापित कर दिया गया है।
इधर रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे तमाम कर्मचारी बाबा बौखनाग की पूजा-अर्चना भी कर रहे हैं। बाबा बौखनाथ सिलक्यारा सहित क्षेत्र की तीन पट्टियों के ईष्ट देवता बताए जा रहे हैं। मंदिर के अंदर भगवान नागराज की प्रतिमा है। इलाके के लोग यहां कड़ाही भी चढ़ाते हैं। ऐसी मान्यता है कि बाबा बौखनाग इलाके के रक्षक हैं। इधर सुरंग से मजदूरों को निकालने के लिए ऑगर मशीन से ड्रिलिंग की जा रही थी, लेकिन यह मलबे में फंस गई थी। सोमवार ऑगर मशीन के हिस्सों को पूरी तरह बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक अब श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए हाथ से ड्रिलिंग की जाएगी। उधर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधान सचिव पी के मिश्रा और उत्तराखंड के मुख्य सचिव एस एस सन्धु घटनास्थल पर चल रहे बचाव कार्यों की समीक्षा के लिए सिलक्यारा पहुंचेंगे।