बर्मन परिवार को रेलिगेयर में 31.27 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी लेने ‎मिली मंजूरी

Jan 24, 2024

नई ‎दिल्ली । भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने डाबर इंडिया के प्रवर्तक बर्मन परिवार की चार संस्थाओं द्वारा रेलिगेयर एंटरप्राइजेज में 31.27 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी के अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है। इससे वित्तीय सेवा कंपनी में उनकी बहुलांश हिस्सेदारी हो गई है। निष्पक्ष व्यापार नियामक ने चार संस्थाओं को शेयर बाजार खरीद के माध्यम से रेलिगेयर का 5.27 प्रतिशत और खुली पेशकश के माध्यम से अन्य 26 प्रतिशत हासिल करने की अनुमति दी। सीसीआई ने कहा कि बर्मन परिवार के नियंत्रण वाली चार इकाइयां- पूरन एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड, एम.बी. फिनमार्ट प्राइवेट लिमिटेड, वीआईसी एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड और मिल्की इन्वेस्टमेंट एंड ट्रेडिंग कंपनी हैं।

रेलिगेयर अपनी सहायक कंपनियों और परिचालन संस्थाओं के माध्यम से वित्तीय सेवा व्यवसाय में लगी हुई है। बर्मन परिवार ने बीमा और एफएमसीजी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में निवेश किया है। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक दिसंबर 2023 तक रेलिगेयर एंटरप्राइजेज में बर्मन परिवार की हिस्सेदारी 21.17 फीसदी थी। खुली पेशकश के साथ-साथ खुले बाजार में शेयरों की खरीद के माध्यम से अतिरिक्त 31.27 प्रतिशत हिस्सेदारी के अधिग्रहण के बाद रेलिगेयर में इसका स्वामित्व 52 प्रतिशत से अधिक हो जाएगा।


Subscribe to our Newsletter