छतरपुर जिले की सभी 6 विधानसभाओं में जीत हासिल करेगी भाजपा- बोले प्रभात झा
Sep 20, 2023
छतरपुर । भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा ने कहा कि जन आशीर्वाद में जनता के मिल रहे समर्थन से यह स्पष्ट हो गया है कि छतरपुर जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी बड़ी जीत हासिल करने जा रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व वरिष्ठ नेता प्रभात झा एवं प्रदेश के मंत्री बृजेन्द्रप्रताप सिंह ने जिले के बिजावर में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान दौरान प्रभात झा और बृजेंद्रप्रताप सिंह ने प्रदेश सरकार का गरीब कल्याण रिपोर्ट कॉर्ड भी जारी किया।
श्री झा ने पत्रकारों को जन आशीर्वाद यात्रा की जानकारी देते हुए कहा कि विंध्य क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही जन आशीर्वाद यात्रा ने 18 सितम्बर को चंदला विधानसभा से छतरपुर जिले में प्रवेश किया था। बीते 2 दिनों से यात्रा जिले में भ्रमण कर रही है। यात्रा चंदला, लवकुशनगर, महाराजपुर, गढ़ी, मलहरा, छतरपुर होते हुए कल रात्रि को बिजावर पहुंची। यात्रा के प्रति जिले में जनता का अभूतपूर्व उत्साह दिखाई दे रहा है।
बीते दो दिनों में हजारों लोगों ने, पार्टी कार्यकर्ताओं ने, माता-बहनों और युवाओं ने यात्रा का स्वागत किया है और बड़ी संख्या में लोग इन यात्राओं में शामिल हुए हैं। बीती रात बिजावर में विशाल जनसभा हुई, जिसमें हजारों लोग उपस्थित रहे। श्री झा ने कहा कि जिले की सभी विधानसभाओं में पार्टी को जनता जनार्दन का भरपूर आशीर्वाद मिला है। इससे साफ हो गया है कि जिले की सभी सीटों पर पार्टी विजय हासिल करने जा रही है।
मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र में श्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकारों ने लगातार हर क्षेत्र में विकास और गरीब कल्याण के कार्य किए हैं। भाजपा की सरकारों ने महिलाओं, किसानों, युवाओं के साथ गांव और गरीबों के सशक्तीकरण की योजनाएं लागू की हैं और हर वर्ग को सम्मान दिया है। हमारी माताओं-बहनों को शौच के लिए बाहर जाना पड़ता था। रहने के लिए छत तक नसीब नहीं होती थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना में गरीब परिवारों को पक्के मकान दिये और शौचालय भी बनवाए।
किसानों के खातों में 6000 रुपए और प्रदेश सरकार भी 6000 रुपये डाल रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लाड़ली बहना योजना के माध्यम से 1000 रुपए बहनों के खातों में डालने शुरू किया। रक्षाबंधन पर्व पर बहनों के खातों में 250 रुपए शिवराज भैया ने दिये हैं और अब अक्टूबर से 1250 रुपए आएंगे, जो आगे 3000 रुपए हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार कन्याओं की भी चिंता करते हुए जन्म से लेकर पढ़ाई और विवाह तक जिम्मा उठा रही है। अब तो हमारी सरकार ने तय किया है कि जिन लाड़ली बहनों के पास आवास नहीं है, उन्हें भी लाड़ली बहना आवास योजना के माध्यम से आवास दिया जाएगा।