स्थानीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची

Feb 05, 2025

अहमदाबाद | भाजपा ने स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए अपने प्रचारकों के नामों की घोषणा कर दी है| जिसमें पार्टी ने मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल, नितिन पटेल, मनसुख मांडविया, परसोत्तम रूपाला को शामिल किया है| स्टार प्रचारकों में कुल 20 नेताओं के नाम शामिल किए गए हैं| गुजरात में पिछले कई सालों से भाजपा का दबदबा है| गुजरात में हर चुनाव में भाजपा ने अपना कब्जा बरकरार रखा है| इस बार भी भाजपा सभी स्थानीय स्वराज चुनावों में पूरा जोर लगा रही है|

स्थानीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में केन्द्रीय मंत्री सीआर पाटील, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल, केन्द्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और पुरुषोत्तम रूपाला, प्रदेश सचिव रत्नाकर, प्रदेश उपाध्यक्ष गोरधन झडफिया, प्रदेश महासचिव रजनी पटेल, प्रदेश महासचिव और सांसद विनोद चावड़ा, गुजरात के पूर्व कैबिनेट मंत्री भूपेन्द्रसिंह चूडास्मा, ब्रजेश मेरजा, शब्दशरण त्रिवेदी, मौजूदा कैबिनेट मंत्री बलवंतसिंह राजपूत, प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के प्रमुख प्रशांत कोराट, एसी मोर्चा के प्रमुख गौतम गेडिया, ओबीसी मोर्चा के प्रमुख और सांसद मयंक नायक, महिला मोर्चा की प्रमुख दीपिका सरडवा, महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव सीमा मोहिले, विधायक और ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रमुख उदय कानगड तथा विधायक लविंगजी ठाकोर के नाम शामिल हैं| बता दें कि गुजरात में नगर निगम और पंचायत चुनाव को लेकर मंगलवार को एक अहम खबर सामने आई थी| स्थानीय निकाय चुनाव में सबसे बड़ा दावा प्रदेश भाजपा ने किया है। स्थानीय निकाय चुनाव के लिए फॉर्म वापसी के आखिरी दिन तस्वीर साफ हो गई है| जिसमें पता चला है कि भाजपा समर्थक 215 सीटें निर्विरोध घोषित की जा चुकी हैं| 68 नगर पालिकाओं की 196 सीटें निर्विरोध घोषित हो चुकी हैं| वहीं जूनागढ़ नगर निगम की 9 सीटें निर्विरोध हो गई हैं| जबकि तालुका पंचायत उपचुनाव में 10 सीटें भी निर्विरोध घोषित की जा चुकी हैं|



Subscribe to our Newsletter