कथनी-करनी में अंतर के साथ विरोधाभासी है भाजपा: कमलनाथ

Oct 13, 2023

भोपाल । भाजपा की कथनी-करनी में सिर्फ फर्क नहीं बल्कि विरोधाभास भी है। यह बात कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर भाजपा को घेरते हुए कही है। दरअसल विधानसभा चुनाव की तिथि आने के साथ ही प्रमुख राजनीतिक दल के आला नेता एक दूसरे पर व्यंग्यवाण छोड़ने में कोई कसर वाकी नहीं रख रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर ही नहीं है बल्कि विरोधाभास भी है। 

शुक्रवार सुबह उन्होंने ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट किया कि भाजपा की कथनी-करनी में सिर्फ फर्क नहीं बल्कि विरोधाभास भी है। कमलनाथ ने कहा कि यह एक विरोधाभास ही तो है कि मप्र भाजपा लिख रही है कि “असंभव को संभव और शून्य को शिखर बनाने का नाम ’भाजपा’ है।” जबकि बात और हालात ठीक इसके विपरीत हैं। यदि 18 साल के शासनकाल में भाजपा चाहती तो प्रदेश के विकास को ‘संभव’ कर सकती थी, लेकिन भ्रष्टाचार की लिप्तता में व्यस्त रहने की वजह से भाजपा के लिए ऐसा करना असंभव ही रहा। शायद यही वजह है कि भाजपा ने हालात भाँपते हुए और जनता के आक्रोश को समझते हुए अपने ‘शिखर’ नेतृत्व को इस चुनाव में ‘शून्य’ कर दिया है।  

कमलनाथ आगे लिखते हैं कि मुख्यमंत्री जी के मंच पर उपस्थित होते हुए भी किसी को उनका नाम लेने तक की याद नहीं आती, उनके काम की बात करना तो बहुत दूर की बात है। तो फिर ऐसा तथाकथित शिखर किस काम का जो दिखाई न दे। कमलनाथ ने तंज कसते हुए कहा कि इस विधानसभा चुनाव में मप्र की जनता भाजपा को ‘शिखर से शून्य’ पर ले आयेगी। भाजपा के राजनीतिक शिखर, बिखर गये हैं। इस तरह आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है।



Subscribe to our Newsletter