![](https://yugpradesh.com/images/posting/large/0ecc7be36bb50ec4b8b8c817d855ed32.jpg)
भाजपा-कांग्रेस में आज फिर टिकटों की माथा पच्ची
Oct 17, 2023
- भाजपा के बचे 96, कांग्रेस के 86 उम्मीदवारों की आएगी सूची!
भोपाल । मध्यप्रदेश में 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अब तक अपने 136 और कांग्रेस ने 144 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। माना जा रहा है कि आज शाम तक भाजपा के बचे 94 और कांग्रेस के बचे 86 उम्मीदवारों की सूची जारी हो सकती है। ऐसी भी आशंका है कि नामांकन के अंतिम दिन तक दोनों पार्टियां कुछ टिकट होल्ड कर सकती है।
भाजपा में बचे हुए उम्मीदवारों के नामों पर मंथन के लिए आज दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बड़ी बैठक हो रही है। इस बैठक में मध्यप्रदेश भाजपा के दिग्गज नेता भी मौजूद रहेंगे। ऐसे में चर्चा है कि भाजपा हाईकमान आज शाम तक मध्यप्रदेश की बची विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगा सकता है। प्रदेश में अब विधानसभा चुनाव में एक महीने से भी कम का समय बचा है। प्रदेश में 17 नवंबर को चुनाव होंगे और 3 दिसंबर को चुनाव नतीजे आएंगे।
हम बता दें कि प्रदेश में भाजपा ने इस बार अपने तीन केंद्रीय मंत्री समेत सात सांसदों को विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत 25 मंत्रियों को चुनाव मैदान में उतारा है। जबकि आठ मंत्रियों के टिकट होल्ड पर रख दिए हैं। भाजपा ने अभी तक 57 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया है। इसी तरह से कांग्रेस ने अपने मौजूदा 96 विधायकों में से 69 विधायकों को टिकट दिया है। जबकि खराब परफारमेंस और विश्वासनीयता के संकट के चलते दर्जनभर विधायकों के टिकट काटे जाने की आशंका है।