अप्रैल 2022 के बाद पहली बार ‎बिटकॉइन 45,000 डॉलर के पार

Jan 02, 2024

नई ‎दिल्ली । नए साल 2024 में दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी की अच्छी शुरुआत हुई है। अप्रैल 2022 के बाद पहली बार मंगलवार को बिटकॉइन की कीमत 6 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 45,000 डॉलर से ऊपर पहुंच गई। बिटकॉइन दिन में 21 महीने के उच्च स्तर 45,386 डॉलर को छू गई और 6.43 प्रतिशत बढ़कर 45,317.67 डॉलर पर कारोबार कर रही थी। क्रिप्टो बाजार में अन्य टोकन भी ऊंचे स्तर पर कारोबार कर रहे हैं। ईथर 3.8 प्रतिशत, सोलाना 7 प्रतिशत से ज्यादा जबकि कार्डानो 5 फीसदी से अधिक बढ़ गया है।

बिटकॉइन की कीमत में यह तेजी दरअसल इस उम्मीद पर आई है कि अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन स्पॉट बिटकॉइन एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) के लांच को मंजूरी देगा। एक रिपोर्ट के अनुसार सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन को 10 जनवरी तक आर्क/21शेयर ईटीएफ को मंजूर या अस्वीकार करना आवश्यक है। एसईसी मंगलवार या बुधवार को जारीकर्ताओं को सूचित कर सकता है कि उन्हें अगले सप्ताह लांच करने के लिए मंजूरी दे दी गई है।



Subscribe to our Newsletter