बाईक अड़ाकर पानवाले से मोबाइल, पांच हजार लूटे
Aug 04, 2025
जबलपुर, बरगी थानांतर्गत कल देर रात पान की दुकान बंद कर घर जा रहे मोटरसाइकिल सवर को एन एच - 34 रोड पर मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने गाड़ी अड़ाकर रोक लिया। इस दौरान तीनों पैसों की मांग करने लगे। मना करने पर एक युवक ने पानी दुकान संचालक को पकड़ लिया और दूसरे ने लाठी से मारकर गिरा दिया वहीं तीसरे ने पान दुकान संचालक की जेब से पांच हजार रुपये व रेडमी कंपनी का मोबाइल छीन लिया।
मोटरसाइकिल सवार तीनों लुटेरे शहर की ओर भाग गये। बरगी पुलिस ने बताया कि पटेल मोहल्ला बरगी निवासी राम सिंह उर्फ भूरा पटेल गुड्डू ढाबा के पास एनएच 34 पर पान की दुकान लगाता है। कल रात लगभग 11.30 बजे वह अपनी पान दुकान बंद कर मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवाने के लिए एच पी पेट्रोल पंप खमरिया जा रहा था। रात लगभग 11.30 से 12 बजे के बीच गट्टू ढाबा और चुरिया मोड़ के पहले एन एच 34 रोड पर बरगी तरफ से एक मोटरसाइकिल में तीन लोग आये और उसके आगे मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेडी सी 6218 अड़ाकर उसे रोक लिया।
तीनों गाड़ी से उतरकर रामसिंह के साथ गालीगलौज कर पैसा मांगने लगे। मना करने पर एक युवक ने रामसिंह को पकड़ा और दूसरे ने लाठी से हमला कर उसे जमीन पर पटक दिया। तभी तीसरे युवक ने उसकी पेंट की जेब से पांच हजार रुपये व रेड मी कंपनी का मोबाइल छीन लिया।