बीकाजी फूड्स का पहली तिमाही में मुनाफा बढ़कर 58.52 करोड़ पहुंचा
Jul 24, 2025
नई दिल्ली। एथनिक स्नैक्स और मिठाइयों के क्षेत्र में प्रमुख बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 1.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 58.52 करोड़ का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 57.77 करोड़ रहा था। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि इस अवधि के दौरान उसकी परिचालन आय 14.86 प्रतिशत बढ़कर 637.05 करोड़ हो गई, जो कि एक साल पहले 554.59 करोड़ थी। वहीं, कंपनी की कुल आय, जिसमें अन्य आय भी शामिल है, 14.52 प्रतिशत बढ़कर 662.66 करोड़ रही। हालांकि, बीकाजी के कुल खर्च में 16.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 584.09 करोड़ पर पहुंच गया।
इससे शुद्ध लाभ में तेज बढ़ोतरी नहीं हो पाई, लेकिन कंपनी ने लागत में बढ़ोतरी के बावजूद लाभ में स्थिरता बनाए रखी। उद्योग क्षेत्र की बात करें तो कंपनी की ‘एथनिक स्नैक्स’ श्रेणी से आय में 11.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो इसके कुल कारोबार में 75.3 प्रतिशत का योगदान करती है। वहीं, ‘पैकेज्ड स्वीट्स’ श्रेणी की आय 3.1 प्रतिशत बढ़ी। बीकाजी फूड्स इंटरनेशनल भारत की तीसरी सबसे बड़ी एथनिक स्नैक्स निर्माता कंपनी है। यह भारतीय पारंपरिक नमकीन और मिठाइयों के उत्पादन और वितरण में विशेषज्ञता रखती है।