दिवाली से पहले बड़ी सौगात: आज से लागू हुआ GST 2.0 रिफॉर्म, रोज़मर्रा की चीजें हुईं सस्ती

Sep 22, 2025

रायपुर। पूरे देश में आज से गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) 2.0 रिफॉर्म लागू हो गया है। दिवाली से पहले उपभोक्ताओं को मिली इस राहत ने बाजारों में रौनक बढ़ा दी है। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश की 140 करोड़ जनता को बड़ा उपहार दिया है। वित्त मंत्री ने बताया कि नई GST दरों के लागू होने से कई रोजमर्रा की चीजें जैसे तेल, साबुन, शैम्पू, टूथब्रश सस्ते हो गए हैं। वहीं एसी, फ्रिज, टीवी, किसानों के ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों की कीमतों में भी कटौती की गई है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से आम जनता की बचत बढ़ेगी, क्रय शक्ति मजबूत होगी और अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार मिलेगी। साथ ही, उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि कीमतों में कमी का लाभ उपभोक्ताओं तक जरूर पहुंचाएं। नवरात्रि पर्व के अवसर पर ओपी चौधरी ने मातृ शक्ति को प्रणाम करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति में नारी पूज्य रही हैं और सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ‘महतारी वंदन योजना’ का उदाहरण देते हुए कहा कि इस योजना से प्रदेश की 70 लाख माताओं को आत्मविश्वास और ऊर्जा मिली है। सारंगढ़ जिले के दानसरा गांव की महिलाएं इसी योजना से मिली राशि से श्रीराम मंदिर का निर्माण कर रही हैं।



Subscribe to our Newsletter