अडानी-एयरटेल में हुई बड़ी डील, दोनों मिलकर लगाएंगे 2 करोड़ स्मार्ट मीटर
Jan 10, 2024
-डील के चलते कंपनी के शेयरों में आया भारी उछाल
नई दिल्ली । गौतम अडानी की कंपनी अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) ने टेलीकॉम दिग्गज भारती एयरटेल के साथ एक बड़ी डील की है। इसके तहत दोनों कंपनियां मिलकर बिहार से लेकर महाराष्ट्र तक 2 करोड़ स्मार्ट मीटर लगाने के काम को अंजाम देंगी। जिसके लिए एयरटेल की बिजनेस टू बिजनेस यूनिट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी। अडानी ग्रुप के साथ इस डील की जानकारी शेयर करते हुए कहा है कि एयरटेल अपने मजबूत कम्युनिकेशंस नेटवर्क के माध्यम से अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी एनर्जी साल्यूशंस के स्मार्ट मीटर लगाने के काम में भरोसेमंद और सुरक्षित कनेक्टिविटी मुहैया कराएगी। ये काम भारती एयरटेल की बी2बी यूनिट एयरटेल बिजनेस द्वारा किया जाएगा। कंपनी की ओर से बयान जारी करते हुए कहा गया है कि एयरटेल का स्मार्ट मीटरिंग सॉल्यूशंस एनबी-एलओटी, 4जी और 2जी से पावर्ड है। रिपोर्ट के मुताबिक अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस द्वारा देश के तमाम राज्यों में 2 करोड़ स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं। इनमें बिहार, असम, महाराष्ट्र आंध्र प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं। इस काम में भारती एयरटेल की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली मजबूत कनेक्टिविटी स्मार्ट मीटर ट्रैकिंग और एडवांस्ड एनालिटिक्स के साथ मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेगा।
इसके साथ ही मीटर्स और हेडइंड एप्लीकेशंस के बीच डेटा ट्रांसमिशन भी होगा। हालांकि अडानी ग्रुप के साथ इस डील की खबर का असर टेलीकॉम कंपनी के शेयरों पर भी दिखाई दिया है। बीते कारोबारी दिन एयरटेल शेयर करीब 2 फीसदी तक उछल गए। शेयर मार्केट में कारोबार शुरू होने पर 6.25 लाख करोड़ रुपये मार्केट कैप वाली भारती एयरटेल के शेयर 1057 रुपये के लेवल पर खुले थे और ये कारोबार के दौरान 1067.90 रुपये के हाई लेवल तक गए थे। हालांकि, दिन का कारोबार खत्म होने तक इसमें कुछ गिरावट आई और ये 1.44 फीसदी की उछाल के साथ 1064.15 रुपये के लेवल पर क्लोज हुए। बुधवार को भी इस शेयर में उछाल देखने को मिल रहा है।
वहीं भारतीय एयरटेल के शेयर के साथ ही अडानी एनर्जी साल्यूशंस का स्टॉक भी मंगलवार को हरे निशान पर बंद हुआ था। इस शेयर ने 1151 रुपये पर कारोबार शुरू किया और 1199 रुपये के हाई लेवल तक पहुंचा, लेकिन कारोबार खत्म होने पर ये 1.87 फीसदी की तेजी लेते हुए 1164.90 रुपये पर बंद हुआ। गौरतलब है कि अडानी ग्रुप की इस कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन 1.30 लाख करोड़ रुपये है।