भोपाल । डीजीपी के निर्देश पर पुलिस कर्मियों के हित में 6 साल बाद हुई बैठक

Sep 20, 2025

 भोपाल ।   राज्यस्तरीय संयुक्त पुलिस परामर्शदात्री समिति एवं पुलिस कल्याण समिति की वार्षिक बैठक पुलिस महानिदेशक  कैलाश मकवाना की अध्यक्षता में रविन्द्र भवन सभागर भोपाल में सम्पन्न हुई। इस बैठक में प्रदेशभर से आए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, समिति के सदस्य तथा विभिन्न इकाइयों एवं निकायों से जुड़े प्रतिनिधिगण सम्मिलित रहे। यह बैठक 6 साल बाद हुई। बैठक में पुलिस बल के कल्याण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, लंबित रिक्तियों की पूर्ति, कार्यक्षमता में वृद्धि तथा जनसुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में डीजीपी ने कहा कि पुलिस बल के मनोबल को सशक्त बनाने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नकद पुरस्कृत दिया जा रहा है और प्रशंसा पत्र भी जारी किए जा रहे हैं। साथ ही जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। अनुकंपा नियुक्ति में तेजी लाई गई हैं। पुलिसकर्मियों के 6 बच्चों के सिविल सेवा परीक्षा में चयनित होना प्रशंसनीय है।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्य निर्वहन करने के निर्देश दिए। डीजीपी ने बताया कि नक्सल अभियानों में उत्कृष्ट कार्यवाही पर 64 पुलिसकर्मियों को आउट आॅफ टर्न प्रमोशन दिया गया है।  लंबे समय से एक ही थानों पर पदस्थ कर्मचारियों के स्थानांतरण से पारदर्शिता और जनता का विश्वास बढ़ा है।



Subscribe to our Newsletter