
मुंबई टीम के स्टेडियम में आते ही फैंस करने लगे शोर
Apr 08, 2025
विराट कोहली ने बुमराह का अपने तरीके से किया स्वागत
नई दिल्ली,। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से हुए मुकाबले में जब मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन टीम सामने आई तो खूब शोर हुआ। इसका कारण था कि 3 महीने बाद जसप्रीत बुमराह मैदान पर उतरे। मुंबई इंडियंस के हौसले बुलंद थे. लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि विराट कोहली ने बुमराह के स्वागत पहले ही तैयारी कर रखी है। कोहली ने बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का लगाया, उससे तय हो गया कि उसे बुमराह का कोई डर नहीं था।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और मुंबई इंडियंस का मैच सोमवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। यह मुंबई टीम का घरेलू मैदान है और उम्मीद के मुताबिक उसे ज्यादा समर्थन मिल रहा था। धीरे-धीरे मुंबई के समर्थकों का शोर कम होता चला गया। आरसीबी ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 221 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। मुंबई इंडियंस इसके जवाब में 9 विकेट पर 209 रन ही बना सकी। इस मुकाबले में सबसे ज्यादा रन विराट कोहली ने बनाए। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल के साथ 91 रन की साझेदारी कर आरसीबी की जीत की नींव रखी। इस साझेदारी में कोहली ने 52 रन बनाए थे।
बुमराह जब इस मैच में अपना पहला ओवर लेकर आए तो स्ट्राइक एंड पर देवदत्त पडिक्कल थे। उन्होंने पहली गेंद पर एक रन बनाया। इसके बाद बुमराह के सामने आए कोहली। कोहली ने पहले ही सोच रखा था कि बुमराह का स्वागत कैसे करना है। उन्होंने मिडिल और ऑफ स्टंप पर आई गेंद को हिट कर बाउंड्री के बाहर पहुंचा दिया। पहली गेंद पर छक्का जड़ दिया। कोहली ने बता दिया कि वे और उनकी टीम बुमराह को वैसे ही खेलने वाली है जैसे दूसरे गेंदबाजों को खेलती है। बुमराह को कोई अतिरिक्त सम्मान नहीं मिलने वाला।
आखिर में बुमराह का बॉलिंग एनालिसिस 4-0-29-0 रहा। आरसीबी ने उन्हें इसके लिए मजबूर किया और कोहली ने छक्का लगाकर बता दिया कि यह वह टी20 बैटर्स का गेम है। उनके बैटर्स ने इसे साबित किया और बुमराह को हावी नहीं होने दिया। बुमराह को विकेट नहीं दिया और आरसीबी की जीत पक्की कर दी।