दो बार ब्रेस्ट कैंसर की बीमारी को हराया है अरुणा ईरानी ने
Jun 20, 2025
मुंबई। हालिया इंटरव्यू में दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी ने अपनी जिंदगी के एक गंभीर और संघर्ष भरे दौर का खुलासा किया है। अरुणा ने बताया कि वह दो बार ब्रेस्ट कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जूझ चुकी हैं और दोनों बार इसे हराया भी है।
अरुणा ईरानी ने कहा कि एक दिन शूटिंग के बीच उन्हें शरीर में कुछ अलग महसूस हुआ। उन्होंने डॉक्टर से जांच करवाई, लेकिन शुरुआत में डॉक्टर ने इसे एक छोटी सी गांठ मानकर नजरअंदाज कर दिया। मगर अरुणा ने इसे तुरंत हटवाने की जिद की। जब उन्हें ब्रेस्ट कैंसर का पता चला, तब भी वह फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थीं। इलाज के लिए उन्हें कीमोथेरेपी की सलाह दी गई, लेकिन उन्होंने इसे मना कर दिया क्योंकि उन्हें बाल झड़ने का डर था। ऐसे में उन्होंने गोली के जरिए इलाज कराया और पहली बार कैंसर को मात दी। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। साल 2020 में कोरोना काल के दौरान कैंसर ने फिर से उनकी जिंदगी में दस्तक दी। इस बार उन्होंने कीमोथेरेपी करवाने का फैसला लिया। उन्होंने बताया कि अब कीमोथेरेपी की प्रक्रिया में पहले जैसा असर नहीं होता, बाल जरूर झड़ते हैं लेकिन कुछ समय बाद वापस भी आ जाते हैं। अरुणा ईरानी ने बताया कि दूसरी बार कैंसर से लड़ाई आसान नहीं थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और इस बार भी विजेता बनकर उभरीं। कैंसर के अलावा अरुणा ईरानी डायबिटीज से भी पीड़ित हैं। उन्हें 60 की उम्र में डायबिटीज हुआ और इसके चलते उनकी दोनों किडनी फेल होने की स्थिति में पहुंच गई थीं।
हालांकि किसी गंभीर इलाज की जरूरत नहीं पड़ी और अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। अरुणा ईरानी का यह संघर्ष साबित करता है कि हिम्मत और जिद के दम पर सबसे मुश्किल लड़ाइयों को भी जीता जा सकता है। मालूम हो कि फिल्म इंडस्ट्री की दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी ने अपने लंबे करियर में 500 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। 80 के दशक में वैंप की भूमिका निभाने वाली अरुणा भले ही फिल्मों में दमदार किरदारों के लिए जानी जाती हों, लेकिन अपनी निजी जिंदगी को उन्होंने हमेशा लाइमलाइट से दूर रखा।