यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग में अध्यक्ष पद की आवेदन प्रक्रिया शुरू, 10 तक करें आवेदन
Nov 20, 2025
लखनऊ,। यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग में खाली पड़े अध्यक्ष पद के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। इच्छुक उम्मीदवार 10 दिसंबर शाम छह बजे तक तय प्रारूप में अपना आवेदन कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद मिलने वाले आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग के जारी विज्ञप्ति के मुताबिक उम्मीदवारों को पंजीकृत डाक से आवेदन भेजना होगा।
आवेदन विशेष सचिव, उच्च शिक्षा अनुभाग-5, नवीन भवन, कक्ष संख्या-40, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ के नाम संबोधित किया जाए। इसके साथ सभी शैक्षिक व जरूरी अभिलेखों की स्पष्ट और स्वप्रमाणित प्रतियां लगानी अनिवार्य है। अध्यक्ष पद के लिए आवेदन करने की अर्हता तय की गई है। इसमें राज्य सरकार में प्रमुख सचिव या समकक्ष पद पर कार्यरत व सेवानिवृत्त, या किसी विधि द्वारा स्थापित विश्वविद्यालय के कुलपति रहे हों या विश्वविद्यालय में कम से कम 10 सात तक आचार्य रहे हों और उनके पास तीन साल का प्रशासनिक अनुभव हो, आवेदन कर सकते हैं।
अध्यक्ष की कार्यावधि नियुक्ति की तिथि से तीन साल या 65 साल की आयु तक, इनमें से जो भी पहले हो तय है। पद के लिए 1,75,000 रुपए मासिक वेतन और राज्य सरकार द्वारा अनुमन्य सभी भत्ते देय होंगे। अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया है कि पद से संबंधित सभी विस्तृत अर्हताएं, कार्यावधि, परिलब्धियां और आवेदन पत्र का प्रारूप उच्च शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
बता दें आयोग की पहली अध्यक्ष प्रो. कीर्ति पांडेय के इस्तीफे के बाद 26 सितंबर से 21 अक्टूबर तक आवेदन लिए गए थे, जिनमें 67 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। स्क्रीनिंग के बाद 37 अभ्यर्थी योग्य मिले थे, लेकिन साक्षात्कार शुरू नहीं हो सका। अर्हता संबंधित अधिनियम में संशोधन के बाद नए सिरे से विज्ञापन जारी किए गए हैं।