जिस भी खिलाड़ी पर यौन शोषण के आरोप हैं उसकी जांच हो : सैमी
Jul 02, 2025
बारबाडोस । वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के कोच डैरेन सैमी ने कहा है कि टीम के जिस भी खिलाड़ी पर यौन शोषण के आरोप हैं उसकी जांच की जाये पर कहा कि इसमें सही कानूनी प्रक्रिया का पालन होना चाहिये। इससे पहले गयाना के एक अखबार की रिपोर्ट में कहा गया था कि टीम के एक क्रिकेटर पर 11 युवतियों ने शोषण के आरोप लगाये हैं पर इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
सैमी ने कहा कि ये स्थित गंभीर है पर इसमें कानूनी प्रक्रियाओं का सम्मान होना चाहिये। पूर्व कप्तान सैमी ने कहा, ‘‘मीडिया में जो कुछ आ रहा है, वह हम सभी को पता है। मैं अपने खिलाड़ियों के बहुत करीब हूं। मैंने उनसे बातचीत की है। एक बात मैं कह सकता हूं कि हम न्याय में विश्वास करते हैं। हमारा भी मानता है कि न्याय होना चाहिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, इसकी एक तय प्रक्रिया होती है। आरोप लगाए गए हैं और हम जांच में अपनी तरफ से सभी प्रकार से सहायेग करेंगे, जिससे उचित प्रक्रिया और सही प्रणाली का पालन तय किया जा सके।’’ सैमी ने कहा कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले कानून को अपना काम करने देना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘ये आरोप हैं। हम न्याय प्रणाली को जानते हैं। आपको प्रक्रिया के लिए इंतजार करना होगा। मैं कोई न्यायाधीश नहीं हूं। जो जानकारी सामने आई है, वही हमारे पास है। मुझे पूरा भरोसा है कि अंत में न्याय होगा।’’