अनुराग कश्यप अच्छी फिल्में बिगाड़ने में माहिर: पीयूष मिश्रा

Sep 17, 2025

मुंबई । हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता, लेखक और संगीतकार पीयूष मिश्रा ने निर्देशक अनुराग कश्यप पर बड़ा बयान दिया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। एक वीडियो में पीयूष मिश्रा अनुराग कश्यप और अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ नजर आ रहे हैं। इस दौरान जब उनसे अनुराग कश्यप की फिल्मों को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया और अनुराग की आलोचना कर डाली। पीयूष मिश्रा ने कहा कि अनुराग कश्यप अच्छी फिल्में बिगाड़ने में माहिर हैं।

उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि अगर अनुराग को लगता है कि फिल्म बहुत अच्छी बन रही है तो वह जानबूझकर उसे खराब कर देते हैं, मानो उन्हें इसमें मजा आता हो।

पीयूष मिश्रा ने फिल्म गुलाल का उदाहरण देते हुए कहा कि इसका फर्स्ट हाफ शानदार था लेकिन सेकेंड हाफ में अनुराग ने फिल्म का ट्रैक ही बिगाड़ दिया। उन्होंने साफ कहा कि अनुराग के अंदर यह कमी है कि उन्हें लगता है कि फिल्म ज्यादा अच्छी नहीं बननी चाहिए, इसलिए वे उसे बिगाड़ देते हैं। गुलाल के अलावा उन्होंने डेव डी और गैंग्स ऑफ वासेपुर का भी जिक्र किया।

 उनके मुताबिक, डेव डी का पहला हिस्सा एक क्लासिक की तरह था, लेकिन इसके बाद अनुराग ने फिल्म की दिशा बदल दी और असर कम कर दिया। यही नहीं, गैंग्स ऑफ वासेपुर के बारे में भी उनका कहना है कि इसका फर्स्ट हाफ गजब था, लेकिन सेकेंड हाफ उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। पीयूष मिश्रा और अनुराग कश्यप लंबे समय से दोस्त हैं और दोनों ने कई प्रोजेक्ट्स में साथ काम किया है।

इसके बावजूद पीयूष मिश्रा ने अनुराग की फिल्मों के प्रति अपनी सच्ची राय जाहिर करने से परहेज नहीं किया। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। जहां कुछ लोग पीयूष मिश्रा की बातों से सहमत दिख रहे हैं, वहीं कई लोग अनुराग कश्यप की फिल्मों की अनोखी स्टाइल और एक्सपेरिमेंटल नैरेटिव की तारीफ कर रहे हैं। 



Subscribe to our Newsletter