वलसाड में एक और कांग्रेस नेता ने छोड़ा हाथ का साथ, जल्द ही भाजपा जॉइन करेंगे

Mar 13, 2024

अहमदाबाद | आम चुनाव जैसे जैसे निकट आ रहे हैं, कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं| एक ओर भाजपा जहां गुजरात की सभी 26 सीटों पर जीत की हैट्रिक लगाने की तैयारियां कर रही हैं, दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी टूट से बचाने की कोशिशों में लगी हुई है| दक्षिण गुजरात के वलसाड में कांग्रेस के एक और दिग्गज नेता ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और उनके जल्द ही भाजपा में शामिल होने की खबर है| वलसाड के उमरगाम क्षेत्र में वारली समाज पर मजबूत पकड़ रखने वाले नरेश वळवी के इस्तीफे से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है|

नरेश वळवी उमरगाम क्षेत्र में वारली समाज का विख्यात नाम है| जानकारी के मुताबिक नरेश वळवी राज्य के वित्त मंत्री कनु देसाई की उपस्थिति में भाजपा जॉइन करेंगे| इससे पहले उमरगाम कांग्रेस के प्रमुख समेत कई कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो चुके हैं| दूसरी ओर कुछ दिन पहले भाजपा में शामिल हुए नारण राठवा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि गुजरात में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में बहुत कम भीड़ थी|

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी की न्याय यात्रा का चुनाव पर कोई असर नहीं होगा| छोटाउदेपुर में ज्यादातर कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा जॉइन कर चुके हैं| नारण राठवा ने कहा कि छोटाउदेपुर में भाजपा जिसे भी उम्मीदवार बनाएगी, उसे जिताने के मेहनत करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे| बता दें कि नारण राठवा यूपीए सरकार में रेल राज्यमंत्री थे, जो कुछ दिन पहले ही कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए हैं|


Subscribe to our Newsletter