भारत की अनमोल हार के साथ ही कोरिया मास्टर्स से बाहर हुई

आसन ।  भारत की उभरती बैडमिंटन खिलाड़ी अनमोल खर्ब कोरिया मास्टर्स 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में हार के साथ ही बाहर हो गयी है। विश्व रैंकिंग में 45वें स्थान पर रही अनमोल को वियतनाम की ओलंपियन वू थी ट्रांग ने तीन गेम तक चले संघर्षपूर्ण मुकाबले में 23-21, 15-21, 21-18 से हरा दिया। 

यह हार अनमोल के लिए निराशाजनक रही। वह जीत के बेहद करीब पहुंचकर भी  वापसी करने में विफल रही। अनमोल की विरोधी वियतनामी खिलाड़ी को उसके अनुभव का लाभ मिला। 

इस मुकाबले की शुरुआत से ही अनमोल खर्ब ने बढ़त बना ली। एक समय अनमोल के पहले गेम में जीत की पूरी उम्मीद थी पर निर्णायक क्षणों में, उन्होंने चार अहम गेम अंक खो दिए। विरोधी खिलाड़ी वू थी ट्रांग ने इन अवसरों का लाभ उठाते हुए शानदार वापसी की और पहले गेम को 23-21 से जीत लिया, जिससे उन्हें शुरुआती  बढ़त मिल गयी। 

पहले गेम में हार के बाद भी इस भारतीय खिलाड़ी ने  दूसरे गेम में वापसी का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी रणनीति में बदलाव किया और अंक हासिल किये। हाफटाइम के समय 11-9 की बढ़त बनाने के बाद, अनमोल ने अपनी लय बरकरार रखी और वू थी ट्रांग को कोई अवसर नहीं दिया।

उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए दूसरा गेम 21-15 से जीत लिया, जिससे मैच एक निर्णायक तीसरे गेम में चला गया और रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया। वहीं तीसरे और निर्णायक गेम में वियतनाम की खिलाड़ी ने 19-9 के से बढ़त बना ली। अनमोल ने इसके बाद भी लगातार आठ अंक हासिल कर वापसी की। जिससे  स्कोर 19-17 हो गया पर अंत में वियतनामी खिलाड़ी ने दो अंक जीतकर 21-18 से गेम के साथ ही मुकाबला अपने नाम किया। इस हार के साथ ही अनमोल कोरियाई  मास्टर्स से बाहर हो गयी। 


Subscribe to our Newsletter