शिकागो में एक भारतीय छात्र लापता....2 मई को हुई पिता से बात
May 09, 2024
वाशिंगटन । अमेरिका के शिकागो में एक भारतीय छात्र 2 मई से लापता है। 25 वर्षीय मास्टर्स छात्र रूपेश चंद्र चिंताकिंडी के लापता होने से हैदराबाद स्थित उनका परिवार चिंतित हो गया है। परिवार छात्र का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूतावास और पुलिस कॉनकॉर्डिया विश्वविद्यालय के मास्टर छात्र चिंताकिंडी का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने कहा, यह जानकर बहुत चिंतित है कि भारतीय छात्र रूपेश चंद्र चिंताकिंडी 2 मई से संपर्क में नहीं है। उन्होंने कहा, वे रूपेश का पता लगाने/संपर्क स्थापित करने की उम्मीद कर रहा है।
शिकागो पुलिस ने जनता से भी मदद मांगी है और उनसे ऐसी कोई भी जानकारी मांगी है जो 25 वर्षीय भारतीय छात्र का पता लगाने में मदद कर सके। रूपेश चिंताकिंडी ने आखिरी बार अपने पिता से 2 मई को बात की थी।