अमेरिकी फर्म ने ओला का मूल्यांकन घटाकर 1.88 अरब डॉलर किया
Feb 06, 2024
नई दिल्ली । अमेरिका की निवेश प्रबंधन फर्म वैनगार्ड ने मोबिलिटी कंपनी ओला का मूल्यांकन घटाकर 1.88 अरब डॉलर कर दिया है। अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग (एसईसी) को दी गई अपनी नियामकीय सूचना के अनुसार वैनगार्ड ने 30 नवंबर, 2023 तक ओला की मूल कंपनी एएनआई टेक्नोलॉजिज का मूल्यांकन कम करके 1.88 अरब डॉलर कर दिया है। यह पिछले साल 31 अगस्त तक इसके पिछले मूल्य 2.65 अरब डॉलर की तुलना में 29 प्रतिशत कम है। वैनगार्ड का नवीनतम मूल्य 1.88 अरब डॉलर है, जो पिछले मूल्यांकन से 74 प्रतिशत कम है, जिस पर कंपनी ने धन जुटाया था।
पिछले साल फरवरी में वैनगार्ड ने एएनआई टेक्नोलॉजिज का मूल्यांकन 7.3 अरब डॉलर से लगभग 34 प्रतिशत घटाकर 4.8 अरब डॉलर कर दिया था। बाद में वैनगार्ड ने अपनी हिस्सेदारी 52.7 प्रतिशत और घटाकर 3.5 अरब डॉलर कर दी थी। बताया जाता है कि इस राइड-हेलिंग फर्म में वैनगार्ड की हिस्सेदारी करीब 0.7 प्रतिशत है। कंपनी ने वैनगार्ड द्वारा उसके मूल्यांकन में की गई कटौती के संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की। दिसंबर 2021 में मोबिलिटी प्लेटफॉर्म ने आईआईएफएल, एडलवाइस और हीरो एंटरप्राइज सहित कुछ निवेशकों से तकरीबन 13.9 करोड़ डॉलर की रकम जुटाई थी। कारोबार पर नजर रखने वाले एक प्लेटफॉर्म से प्राप्त किए गए नियामकी दस्तावेजों से यह जानकारी मिली है।