आर्थिक तंगी से जूझ रहे बांग्लादेश को अमेरिका देगा 20 करोड़ डॉलर

ढाका,। बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद वहां के आर्थिक हालात बिगड़े हुए हैं। उन्हें सुधाने के लिए अमेरिका ने अब बांग्लादेश के लिए खजाने का दरवाजा खोल दिया है। अमेरिका बांग्लादेश को विकास संबंधी परियोजनाओं, युवाओं को सशक्त बनाने, लोकतंत्र को मजबूत करने, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने और देश में लोगों के लिए व्यापार एवं आर्थिक अवसरों को बढ़ावा देने के लिए अमेरिका करीब 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर की सहायता मुहैया करेगा। 

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि आर्थिक संबंध प्रभाग के अतिरिक्त सचिव एकेएम शहाबुद्दीन और यूएसएआईडी के मिशन निदेशक रीड जे. एस्क्लिमन ने अपने-अपने देश की सरकारों की ओर से ढाका में डीओएजी के छठे संशोधन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत यूएसएआईडी सुशासन, सामाजिक, मानवीय और आर्थिक क्षेत्रों में अवसरों को बढ़ावा देने के लिए बांग्लादेश को 20.22 करोड़ अमेरिकी डॉलर देगा। यूएसएआईडी-बांग्लादेश ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यूएसएआईडी ने विकास संबंधी कार्यों, युवाओं को सशक्त बनाने, लोकतंत्र और शासन को मजबूत करने, स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार और पूरे देश में लोगों के लिए व्यापार एवं आर्थिक अवसरों को बढ़ावा देने के लिए बांग्लादेश सरकार के साथ 20 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इससे पहले अंतरिम सरकार के मुखिया मुहम्मद यूनुस ने एक उच्च-स्तरीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर बांग्लादेश के पुनर्निर्माण, महत्वपूर्ण सुधारों को पूरा करने के संबंध में अमेरिका से सहयोग का आग्रह किया था।



Subscribe to our Newsletter