युद्ध के बीच यूक्रेन को अमेरिका ने दिया करारा झटका: हथियारों की सप्लाई रोकी, भंडार में कमी का दिया हवाला
Jul 02, 2025
वाशिंगटन। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच अमेरिका ने यूक्रेन को दिए जाने वाले कुछ हथियारों की आपूर्ति अस्थायी तौर पर रोक दी है, जिससे कीव को बड़ा रणनीतिक झटका लगा है। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने यह निर्णय हथियारों के घटते भंडार और नई प्रशासनिक प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए लिया है।
अधिकारियों के अनुसार, अमेरिका की आंतरिक समीक्षा में यह पाया गया कि कुछ प्रमुख हथियार प्रणालियों का भंडार जोखिमपूर्ण स्तर तक कम हो चुका है। इस स्थिति को देखते हुए पेंटागन ने यूक्रेन को हथियार भेजने की योजना पर रोक लगा दी है। वहीं व्हाइट हाउस की प्रवक्ता एना केली ने एक बयान में कहा है, कि हमने दुनिया भर में दी जा रही सैन्य सहायता की समीक्षा की है। यह निर्णय अमेरिका के दीर्घकालिक सामरिक हितों और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए लिया गया है। उन्होंने आगे कहा, कि अमेरिका की सैन्य शक्ति पर कोई संदेह नहीं कर सकता — ईरान से पूछिए। यह टिप्पणी हाल ही में ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी मिसाइल हमलों की पृष्ठभूमि में आई है, जो ट्रंप प्रशासन की आक्रामक विदेश नीति का संकेत मानी जा रही है।
हालांकि अमेरिका ने यह स्पष्ट नहीं किया कि कौन से हथियारों की आपूर्ति रोकी गई है, लेकिन पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने आश्वस्त किया कि, अमेरिकी सेना पहले से कहीं अधिक तैयार और सक्षम है। हम अपने रक्षा भंडार का आधुनिकीकरण कर रहे हैं ताकि आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रूस के हमलों से जूझ रहे यूक्रेन के लिए यह झटका ऐसे समय में आया है जबकि उसे पश्चिमी हथियारों और गोला-बारूद की तत्काल आवश्यकता है। अमेरिका द्वारा की गई यह कटौती जमीनी लड़ाई पर असर डाल सकती है, खासकर तब जबकि रूस की तरफ से सैन्य दबाव लगातार बढ़ रहा है।