अमेरिका ने टीसीएस को 21 करोड़ डॉलर का भुगतान करने का कहा!
Nov 27, 2023
- डीएक्ससी के सोर्स कोड का दुरुपयोग करने का मामला
नई दिल्ली । देश की प्रमुख कंपनियों में से एक आईटी कंपनी टीसीएस को अमेरिका में झटका लगा है। अमेरिका की एक जूरी ने कंपनी को 21 करोड़ डॉलर ( लगभग 17,50,01,08,500 रुपये) का भुगतान करने के लिए कहा है। टाटा ग्रुप की कंपनी पर आरोप लगाया गया है कि उसने अपना सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म टीसीएस बेंक्स को विकसित करने के लिए अमेरिका की आईटी सर्विसेज कंपनी डीएक्ससी के सोर्स कोड का दुरुपयोग किया था। डीएक्ससी को पहले सीएससी के नाम से जाना जाता था। जूरी ने कहा कि टीसीएस ने सीएससी के प्रोप्राइटरी प्लेटफॉर्म में सेंध लगाकर ट्रेड सीक्रेट को एक्सेस किया था।
टीसीएस को अमेरिका में यह दूसरा झटका है। इससे पहले अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने भी कंपनी को 14 करोड़ डॉलर का भुगतान करने को कहा था। इस मामले में कंपनी पर आरोप था कि उसने ऑथराइजेशन के बिना एपिक सिस्टम्स के वेब पोर्टल को एक्सेस किया था। इस बारे में चर्चा के लिए जब टीओआई ने टीसीएस से संपर्क किया तो कंपनी ने कहा कि वह जूरी के फैसले से सहमत नहीं है। इस मामले का फैसला अब कोर्ट में होगा जिनसे सभी पक्षों से और जानकारी मांगी है। कंपनी इस मामले में अपनी कानूनी लड़ाई जारी रखेगी। साल 2018 में टीसीएस को ट्रांसअमेरिका से 2.5 अरब डॉलर की डील मिली थी। लेकिन इस साल जून में ट्रांसअमेरिका ने टीसीएस के साथ दो अरब डॉलर की डील खत्म कर दी। कंपनी ने मैक्रोइकॉनमिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए ऐसा किया।