निगम परिषद ने पारित किए कार्यसूची में सम्मिलित सभी प्रस्ताव

Jul 25, 2025

स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में भोपाल को दूसरा सबसे स्वच्छ शहर होने के साथ ही देश की सबसे स्वच्छतम राजधानी, गार्बेज फ्री सिटी में 7 स्टार रैंकिंग व वॉटर $ शहर होने का गौरव प्राप्त होने पर सदन ने महापौर, अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष सहित समस्त सदस्यों, जनप्रतिनिधियों के साथ ही शहर के नागरिकों, सफाई मित्रों, 

निगम आयुक्त सहित निगम अधिकारी, कर्मचारियों को दी बधाई

 भोपाल। नगर निगम, भोपाल की परिषद के साधारण सम्मिलन में शहर के विभिन्न स्थानों पर विसर्जन कुण्ड निर्माण हेतु निविदा आमंत्रण सहित कार्यसूची में सम्मिलित अन्य प्रस्तावों को पारित किया गया। परिषद सम्मिलन की कार्यवाही के दौरान महापौर श्रीमती मालती राय, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, कांग्रेस पार्षद दल की नेता श्रीमती शबिस्ता जकी सहित अन्य पार्षदगण ने स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में भोपाल शहर को स्वच्छ शहरों की श्रेणी में देश में दूसरा सबसे स्वच्छ शहर होने का गौरव प्राप्त करने के साथ ही देश की सबसे स्वच्छतम राजधानी, गार्बेज फ्री सिटी में 7 स्टार रैंकिंग तथा वॉटर $ का दर्जा प्राप्त होने पर निगम के सफाई मित्रों, सदन के सभी सदस्यों व अन्य जनप्रतिनिधियों, निगम आयुक्त सहित निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा भोपाल शहर के नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की।     

नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी की अध्यक्षता में नगर निगम, परिषद का साधारण सम्मिलन गुरूवार को आई.एस.बी.टी. स्थित परिषद सभागृह में आयोजित किया गया। निगम परिषद ने सम्मिलन की कार्यसूची में सम्मिलित बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, नीलबड़, संजीव नगर, मालीखेड़ी एवं प्रेमपुरा में 25,08,55,101, - रूपये की राशि से विसर्जन कुंड निर्माण हेतु निविदा आमंत्रण की स्वीकृति संबंधी प्रस्ताव को सर्व सम्मति से पारित किया गया जबकि कार्य सूची में सम्मिलित पुराना अशोका गार्डन क्षेत्र का नाम परिवर्तित कर रामबाग किये जाने संबंधी प्रस्ताव को बहुमत के आधार पर तथा 80 फिट रोड स्थित विवेकानंद पार्क से अशोका गार्डन के पास स्थित चैराहे का नाम विवेकानंद चैक करने संबंधी प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।  

इससे पहले सम्मिलन के प्रारंभ में निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने पहलगाम के आतंकी हमले की घटना के उपरांत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आॅपरेशन सिंदूर में देश की सेना के तीनों अंगों के समन्वय व कर्नल सूफिया कुरैशी तथा विंग कमांडर व्योमिका सिंह सहित देश के जवानों को बधाई दी तथा उनका अभिनंदन भी किया। सूर्यवंशी ने स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में भोपाल शहर को स्वच्छ शहर श्रेणी में दूसरा स्थान, देश की स्वच्छतम राजधानी, गार्बेज सिटी में 7 स्टार रैंकिंग तथा वॉटर $ शहर का दर्जा प्राप्त करने पर शहर की जनता, नगर निगम के सफाई मित्रों सहित महापौर श्रीमती मालती राय, निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन, महापौर परिषद के सदस्य आर.के.सिंह बघेल व रविन्द्र यति सहित सम्पूर्ण सदन व निगम अधिकारी, कर्मचारियों को बधाई दी साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रदेश के 08 शहरों को महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त करने पर सदन की ओर से प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को भी बधाई दी। 

निगम अध्यक्ष सूर्यवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने युवा संसद में सम्मिलित होकर नगर निगम, भोपाल को गौरवान्वित किया है और यह किसी नगर निगम के लिए गौरव की बात है कि जहां पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने आकर निगम का मान बढ़ाया है। निगम अध्यक्ष सूर्यवंशी ने सदन के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि विगत दिनों गुरू ग्राम में आयोजित नगरीय निकायों के अध्यक्षों के राष्ट्रीय सम्मेलन में भोपाल नगर निगम द्वारा विकसित की गई संसदीय कार्यपद्धति की सराहना की गई जो निश्चित ही हम सबके लिए गौरव की बात है। इसके उपरांत निगम अध्यक्ष सूर्यवंशी ने आने वाले त्यौहारों की बधाई एवं शुभकामनाएं भी सदन के सदस्यों व नागरिकों को दी साथ ही नगर निगम, भोपाल में नवागत अधिकारियों का परिचय भी सदन से कराया। 

सम्मिलन की कार्यसूची पर चर्चा के प्रारंभ में गत 04 अप्रैल 2025 की कार्यवाही एवं कार्यवृत्त की पुष्टि की गई। प्रश्नकाल से पूर्व लोक महत्व के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। वार्ड क्र. 35 की पार्षद श्रीमती शिरीन खान द्वारा जन्म-मृत्यु शाखा के प्रभारी अधिकारी के मूल पद, मूल वेतन, पदस्थापना आदि के संबंध में पूछे गए लोक महत्व के प्रश्न का उत्तर देते हुए महापौर श्रीमती मालती राय ने वर्तमान में प्रभारी रजिस्ट्रार जन्म-मृत्यु की पदस्थापना संबंधी अधिनियम के प्रावधानों सहित उनकी पदस्थापना, मूल पद, मूल वेतन तथा दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के प्रकरणों में पोस्ट मार्टम व आटोप्सी रिपोर्ट के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी से सदन को अवगत कराया। प्रश्नकाल के दौरान पार्षदगण द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर महापौर परिषद के सदस्यों द्वारा दिए गए। इस दौरान पार्षद अजिजुद्दीन द्वारा शॉलीमार गार्डन एवं मैरी गोल्ड गार्डन के बीच वन विभाग की जाली तोड़कर बनाए गए रास्ते एवं मार्केट की परमिशन एवं पेड़ कटाई संबंधी प्रश्न पर अध्यक्ष सूर्यवंशी ने आसंदी से निर्देशित किया कि उपरोक्त मार्केट निर्माण के संबंध में गठित जांच समिति द्वारा अपनी कार्यवाही एक सप्ताह में पूर्ण कराए और आगामी बैठक में समिति का प्रतिवेदन सदन के पटल पर प्रस्तुत किया जाए। 

महापौर श्रीमती मालती राय ने सदन में अपना वक्तव्य देते हुए स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में भोपाल शहर को स्वच्छ शहरों की श्रेणी में देश का दूसरा सबसे स्वच्छ शहर होने का गौरव प्राप्त करने पर शहर की जनता के साथ ही निगम के सफाई मित्रों, निगम अध्यक्ष, निगम आयुक्त, महापौर परिषद के सदस्यों एवं समस्त पार्षदगण को बधाई दी और अधिक जागरूकता और मेहनत के साथ कार्य करने आव्हान भी किया। महापौर श्रीमती राय ने स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में दूसरा स्थान प्राप्त होने पर सफाई मित्रों के सम्मान तथा शहर के जनप्रतिनिधियों के सम्मान में सुरूचि भोज सहित एक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की रूपरेखा तैयार किए जाने हेतु निगम आयुक्त को कहा। महापौर श्रीमती राय ने निगम कर्मचारियों को रक्षाबंधन से पूर्व 05 अगस्त 2025 तक वेतन दिए जाने तथा निगम के विनियमित व दैनिक वेतनभोगियों के नियमितीकरण संबंधी महापौर परिषद के द्वारा पारित प्रस्ताव को शासन को भेजने हेतु आगामी परिषद की बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। महापौर श्रीमती राय ने सफाई मित्रों को रेनकोट और यूनिफार्म शीघ्रता से उपलब्ध कराने तथा वार्डों में मांग, आवश्यकतानुसार सफाई मित्रों की पूर्ति करने को भी कहा। महापौर श्रीमती राय ने परिषद की कार्यवाही के दौरान पार्षदों द्वारा उठाए गए बिंदुओं पर अपना वक्तव्य देते हुए कहा कि परिषद में पार्षदगण अपनी बात तथ्यों के आधार पर रखे और यदि आरोप लगाते है तो तथ्यों के आधार पर उन्हें सिद्ध भी करें। महापौर श्रीमती राय ने स्वच्छता संबंधी कार्यों की निगरानी एवं आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने हेतु और अधिक सक्रियता से अपने क्षेत्र में कार्य करने का आव्हान पार्षदों से किया। महापौर श्रीमती राय ने कहा कि हमारा प्रयास है कि विभिन्न त्यौहारों, पर्वों के अवसर पर प्रतिमाओं के विसर्जन का भार वर्तमान विसर्जन घाटों से कम किया जाए और इसी के दृष्टिगम हमने शहर के चारों ओर विसर्जन कुंड बनाने की योजना तैयार की है। महापौर श्रीमती राय ने कहा कि नुजूल की भूमि को जनहित में उपयोग करने हेतु नगर निगम को अनुमति देने के संबंध में एक प्रस्ताव पारित करें और जिला कलेक्टर को आवेदन देकर उनकी स्वीकृति प्राप्त करें तो जनहित के कार्यों में आसानी होगी।  

महापौर श्रीमती राय ने इस दौरान निर्देशित किया कि जिन सड़कों, चैराहों आदि के नामकरण के प्रस्ताव परिषद द्वारा पारित किये जाते है उनकी नाम पट्टिका तत्काल यथास्थान लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। 

महापौर श्रीमती राय ने एक परिवार की एक से अधिक समग्र आई.डी. होने पर इसे तत्काल निरस्त करने तथा नई समग्र आई.डी. तुरंत बनाने की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। महापौर श्रीमती राय ने मृत्यु प्रमाण पत्र वार्ड कार्यालयों से जारी किए जाने की समयावधि में वृद्धि करने हेतु समुचित कार्यवाही करने, जर्जर भवनों को तत्काल खाली कराने हेतु समय सीमा निर्धारित कर नोटिस जारी करने व भवन को सील करने तथा जर्जर भवनों की सूची में सम्मिलित भवनों में किसी भी प्रकार की गतिविधि संचालित न होने की निगरानी जोनल अधिकारी द्वारा किए जाने को भी कहा। महापौर श्रीमती राय ने आयुक्त को निर्देशित किया कि विकास कार्यों हेतु पार्षदगण द्वारा प्रस्ताव प्रस्तुत करने से कार्यादेश जारी कर कार्य प्रारंभ करने तक की समस्त कार्यवाही पूर्ण करने हेतु 60 दिवस की समय सीमा निर्धारित की जाए और रिकॉल वाले टेंडर्स को जारी करने हेतु जोन स्तर पर ही अधिकारी को जिम्मेदारी दी जाए। वार्ड नियोजन निधि, सम्पत्तिकर, एम.आई.सी की निधि, अध्यक्ष की निधि, महापौर निधि, जोन, पार्षद निधि की पूरी राशि पोर्टल पर चढ़ाने की व्यवस्था की जाए ताकि पार्षद जब जितनी राशि का उपयोग करना चाहते है वह आसानी से कर सके। महापौर श्रीमती राय ने प्रत्येक जोन में संधारण कार्यों हेतु 04-04 हेल्पर पदस्थ करने की व्यवस्था करने को भी कहा। 

महापौर श्रीमती मालती राय ने अतिक्रमण अमले में पदस्थ कर्मचारियों को भोपाल के एक विधानसभा क्षेत्र से दूसरे विधानसभा क्षेत्र में स्थानांतरित करने, अतिक्रमण दस्ते की टीम को दो शिफ्टों में कार्य कराने और एक बार अतिक्रमण हटाने के उपरांत पुनः अतिक्रमण न होने देने के निर्देश दिए तथा कहा कि यदि पुनः अतिक्रमण पाया जाए तो संबंधित अधिकारी, कर्मचारी के विरूद्ध कार्यवाही भी की जाए। महापौर श्रीमती राय ने अस्थायी ठेले वालों के आधार कार्ड पर अंकित पते वाले क्षेत्र में ही ठेले लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा मीट व्यवसायियों के लायसेंस में उल्लेखित पते पर ही व्यवसाय संचालित करने की व्यवस्था सख्ती के साथ किए जाने हेतु भी निर्देशित किया। महापौर श्रीमती राय ने अपने वक्तव्य के दौरान सांप पकड़ने वालों के लिए एक स्थान निर्धारित करने और शहर के नागरिकों द्वारा दी गई सूचना पर स्वयं के वाहन से स्थल पर पहुंचने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।  

अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने अस्थायी रूप से ठेले आदि लगाने वालों के लायसेंस पर स्थल का जियो टेग फोटो भी चस्पा करने को कहा ताकि अस्थायी ठेले वाले लायसेंस में दर्शाए पते पर ही व्यवसाय करें। 

परिषद सम्मेलन में अध्यक्ष की अनुमति से रखे गए प्रस्तावों में पार्षद पप्पू विलास द्वारा मालवीय नगर पंचानन बिल्डिंग के पीछे स्थित पार्क का नाम पूर्व विधायक स्व.सुरेन्द्रनाथ सिंह के नाम पर रखने, पार्षद गीता माली द्वारा देश की पहली महिला शिक्षिका सावित्री फूले जी की आदमकद प्रतिमा लगाने, रेलवे स्टेशन से अशोका गार्डन की ओर जाने वाली 80 फिट मार्ग का नाम पूर्व विधायक स्व0रमेशचन्द्र शर्मा गुट्टू भैया के नाम पर किए जाने, पार्षद प्रताप बारे द्वारा बाग मुगालिया में बस स्टॉप के पास स्थित चैराहे का नाम अम्बेड़कर चैक करने, पार्षद श्रीमती आरती अनेजा द्वारा टी.टी. नगर स्टेडियम के पास कालीबाड़ी के सामने वाले मार्ग का नाम योगाचार्या स्व.के.एम.गांगोली के नाम पर किए जाने संबंधी प्रस्तावों को पारित करते हुए उक्त प्रस्तावों का परीक्षण उपरांत समुचित कार्यवाही करने की व्यवस्था अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने आसंदी से दी तथा पार्षद श्रीमती प्रियंका मिश्रा द्वारा हमीदिया अस्पताल का नाम स्व.रमेशचन्द्र शर्मा गुट्टू भैया के नाम पर करने एवं पार्षद देवेन्द्र भार्गव द्वारा हमीदिया अस्पताल, हमीदिया कॉलेज, हमीदिया स्कूल के नाम परिवर्तन संबंधी प्रस्ताव को शासन की ओर अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रेषित करने की व्यवस्था भी अध्यक्ष सूर्यवंशी ने दी।   

परिषद के अंत में पहलगाम में आतंकी हमले में काल कलवित होने वालों के साथ ही अहमदाबाद विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी सहित 241 मृतकों, केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिताश्री स्व.दाउलाल वैष्णव जी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के ससुर स्व.ब्रह्मानंद यादव, नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी जी के दादाजी स्व.जीवनलाल बागरी, नगर निगम भोपाल के पूर्व पार्षद प्रहलाददास खण्डेलवाल, भोपाल जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष शेर सिंह ठाकुर, पार्षद श्रीमती अनीता शुक्रवारे की माताश्री स्व.श्रीमती लक्ष्मी बाई, मुख्य अभियंता उदित गर्ग की माताश्री, जलकार्य विभाग के नगरयंत्री जेड़.ए.खान के सुपुत्र, बी.सी.एल.एल. के यंत्री मनीष चैबे के सुपुत्र के आकस्मिक निधन पर सदन ने दो मिनिट का मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं के प्रति अपनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की।      


Subscribe to our Newsletter