अक्षर हैं कप्तानी के प्रबल दावेदार : पार्थ जिंदल
Nov 29, 2024
नई दिल्ली । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएएल) 2025 सत्र के लिए मेगा नीलामी समाप्त होने के बाद अब ये सवाल उठ रहे हैं कि दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी किसको मिलेगी। पिछले सत्र में टीम के कप्तान रहे ऋषभ पंत अब उसके साथ नहीं है। इसी को लेकर टीम के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने कहा इै कि अक्षर पटेल कप्तान पद के लिए प्रबल दावेदार हैं।
जिंदल ने कहा कि अक्षर एक खुशमिजाज व्यक्ति के रूप में जाने जाते हैं और टीम की संस्कृति को जानते हैं और इस समय टी20 क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर हैं। वह लंबे समय से फ्रैंचाइजी के साथ बने हुए हैं और उसके लिए काफी फायदेमंद साबित हुए हैं। जब भी ऋषभ उपलब्ध नहीं थे, जब भी ऋषभ चोटिल हुए, अक्षर ने कदम बढ़ाया और बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, वह एक खुशमिजाज व्यक्ति हैं, वह ड्रेसिंग रूम को बहुत हल्का रखते हैं। वह एक सरल व्यक्तित्व वाले खिलाड़ी हैं और मुझे लगता है कि वह शानदार काम कर सकते हैं। हालांकि अभी कप्तानी को लेकर हमारी किसी से बात नहीं हुई है। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो ड्रेसिंग रूम को एकजुट रखते हैं और उनमें नेतृत्व कौशल भी है।