अगले हफ्ते मुश्किलों से बाहर निकल सकती है एयरलाइन विस्तारा: सीईओ
Apr 06, 2024
- पिछले कुछ दिनों से कई फ्लाइट्स कैंसिल होने से परेशानी में चल रही है विस्तारा
नई दिल्ली । बीते कुछ समय से संकटों का सामना कर रही विस्तारा एयरलाइन की मुश्किलें जल्द ही खत्म होने वाली है। कंपनी के सीईओ विनोद कन्नन ने संभावना जताई है कि एयरलाइन में अचानक से जो संकट सामने आया है वो अगले हफ्ते तक खत्म हो सकता है। गौरतलब है कि कंपनी के सीईओ विनोद कन्नन से इस बारे में एक साक्षात्कार में कंपनी से जुड़ी इन परेशानियों की बातों पर चर्चा की। कन्नन ने कहा कि हो सकता है कि पिछले कुछ दिनों में एयरलाइन की कई फ्लाइट्स कैंसल होने के पीछे कारण यही रहा कि एयरलाइन ने ज्यादा एग्रेसिव रणनीति अपनाई और इसका पूरा असर ऑपरेशंस पर पड़ा। बता दें कि विस्तारा एरलाइन के ऑपरेशन्स में बीते कुछ दिनों से परेशानी चल रही है।
बीते 1 और 2 अप्रैल को विस्तारा की दोनों दिनों में करीब हर दिन 50-50 फ्लाइट्स कैंसल हुईं। वहीं 3 अप्रैल को भी एयरलाइन्स ने 20 से भी ज्यादा फ्लाइट्स रद्द की थी। इस मामले में डीजीसीए से भी एयरलाइन को फटकार लगी थी और ये निर्देश दिए गए थे कि किसी भी फ्लाइट के रद्द होने के पहले एयरलाइन को सूचना देनी होगी। एयरलाइंस ने 10 अप्रैल तक के लिए कैंसलेशन दो-तीन दिन एडवांस में किया है। वहीं इस वीकेंड यानी शनिवार और रविवार को एयरलाइन पूरे अप्रैल के लिए फ्लाइट्स बंद कर सकती है। ये कटौती मई में भी जारी रह सकती है। सीईओ ने ये भी कहा कि एयरलाइन पायलटों का पक्ष सुनने को तैयार है। कंपनी चाहती है कि कोई बीच का रास्ता निकले और ऑपरेशन्स में कोई कमी न आए। इसी के साथ कंपनी रोस्टर, हायरिंग जैसे मामलों को भी सुलझाने में लगी हुई है।