हवाई यात्रा करना अब और भी हुआ महंगा!

Aug 20, 2024

नई दिल्ली । आगामी त्योहार में अब हवाई यात्रा करना और भी महंगा हो जाएगा। बताया जा रहा है ‎कि हवाई यात्रा के किराए में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है और दिवाली के लिए प्रमुख घरेलू मार्गों पर औसत एकतरफा टिकट की कीमत 10-15 प्रतिशत बढ़ चुकी है। दूसरी ओर ओणम के दौरान केरल के शहरों के लिए कुछ उड़ानों का किराया 20-25 प्रतिशत अधिक है। जानकारी अनुसार, मुंबई-हैदराबाद मार्ग पर टिकट की कीमत 21 प्रतिशत बढ़कर 5,162 रुपये और दिल्ली-गोवा और दिल्ली-अहमदाबाद मार्गों पर 19 प्रतिशत बढ़कर क्रमशः 5,999 रुपये और 4,930 रुपये हो गई है। विश्लेषण में यह सामने आया कि कुछ दूसरे मार्गों पर किराया 1-16 प्रतिशत की सीमा में अधिक है। वहीं केरल में आगामी त्योहार के लिए चुनिंदा रूट्स पर हवाई किराए के रुझानों के विश्लेषण से पता चला है कि कुछ रूट्स पर कीमतों में 1 प्रतिशत से 25 प्रतिशत की सीमा में वृद्धि हुई है।

इसी दौरान कुछ मार्गों पर टिकट की कीमतों में लगभग 6-35 प्रतिशत की गिरावट आई है। ये आंकड़े इस साल 6-15 सितंबर की अवधि के दौरान डिपार्चर के लिए नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स के लिए औसत एकतरफा किराया हैं, जबकि 20-29 अगस्त, 2023 की अवधि में ओणम मनाया गया था। इस तुलनात्मक अवधि के लिए हैदराबाद-तिरुवनंतपुरम फ्लाइट के लिए किराए में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो 4,102 रुपये है। मुंबई-कालीकट फ्लाइट के लिए भी इसी तरह की वृद्धि हुई है, जो 4,448 रुपये है।



Subscribe to our Newsletter