एयर एशिया के 2600 करोड़ के नुकसान की भरपाई कर सकती है टाटा

Aug 24, 2022

एयर एशिया इंडिया को भारत में कारोबार में नुकसान हो रहा है और इसकी भरपाई के लिए टाटा संस 2600 करोड़ रुपए का प्रोविजन कर सकती है। टाटा संस ने प्रस्ताव किया है कि एयर एशिया इंडिया को एयर इंडिया के साथ मर्ज कर दिया जाए। इसके साथ ही एयर इंडिया एक्सप्रेस को भी एयर इंडिया में मर्ज करने की योजना बनाई जा रही है। इस मामले से जुड़े लोगों ने यह जानकारी दी है। एक ऑडिटर की रिपोर्ट में एयर एशिया इंडिया के कारोबार पर चिंताएं जाहिर की गई है। कहा गया है कि एयर एशिया इंडिया का नेटवर्थ कम हो रहा है और इसकी मौजूदा संपत्तियों से इसकी देनदारी ऊपर चली गई है। टाटा के मालिकाना हक वाली एयर इंडिया ने एयर एशिया की सारी खरीदने का फैसला किया है। एयर इंडिया ने भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग से इसकी मंजूरी मांगी है। टाटा संस की एयर एशिया इंडिया में 83.67 फीसदी हिस्सेदारी है। एयर एशिया इंडिया की बाकी 16.33 फीसदी हिस्सेदारी एयर एशिया इनवेस्टमेंट लिमिटेड के पास है जो मलेशिया के एयर एशिया ग्रुप की कंपनी है। सिविल कारोबार में नुकसान उठा रहे एयर एशिया इंडिया को कोरोनावायरस के दौर में भारी नुकसान उठाना पड़ा है। टाटा संस ने इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है लेकिन इस मामले से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक अभी यह साफ नहीं है कि एयर एशिया इंडिया के 2600 करोड़ रुपए के नुकसान की भरपाई को टाटा संस के बैलेंस शीट में जोड़ा जाएगा, या यह एयर इंडिया के बैलेंस शीट में जुड़ेगा।

Subscribe to our Newsletter