कृषि कर्ज जनवरी तक 20 लाख करोड़ के पार
Feb 23, 2024
नई दिल्ली पीएम नरेन्द्र मोदी सरकार के पिछले 10 साल के कार्यकाल में कृषि क्षेत्र में बैंक कर्ज तेजी से बढ़ गया है। बैंकों ने चालू वित्त वर्ष 2023-24 की अप्रैल-जनवरी के दौरान 20.39 लाख करोड़ रुपए कर्ज का वितरण किया है, जबकि पूरे 2013-14 में किसानों को 7.3 लाख करोड़ रुपए का कर्ज दिया गया था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। सरकार ने वित्त वर्ष 2023-24 के बजट में कृषि ऋण लक्ष्य 20 लाख करोड़ रुपए निर्धारित किया था। बैंक पहले ही लक्ष्य पार कर चुके हैं और इस वित्त वर्ष में यह आंकड़ा 22 लाख करोड़ रुपए को पार कर सकता है।
कृषि मंत्रालय ने किसानों को सालाना 7 प्रतिशत के कम ब्याज पर कृषि ऋण उपलब्ध कराने के लिए 3 लाख रुपए तक के अल्पकालिक फसल कर्ज को लेकर ब्याज छूट योजना लागू की हुई है। योजना के तहत बैंकों को उनके संसाधनों के उपयोग पर प्रतिवर्ष 2 प्रतिशत की ब्याज छूट दी जाती है। इसके अलावा ऋण का समय पर भुगतान करने पर किसानों को 3 प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन दिया जाता है, जिससे ब्याज दर कम होकर 4 प्रतिशत हो जाती है।