अफगानिस्तान ने कोच ट्रॉट का अनुबंध एक साल बढ़ाया
Dec 10, 2024
मुम्बई । चैंपियंस ट्रॉफी के ठीक पहले अफगानिस्तान ने अपनी राष्ट्रीय टीम के कोच जोनाथन ट्रॉट का अनुबंध बढ़ा दिया है। अब ट्रॉट अगले साल भी अफगानिस्तान के कोच बने रहेंगे। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने उनका अनुबंध एक साल के लिए और बढ़ा दिया है और इस तरह से वह 2025 में भी कोच बने रहेंगे। ट्रॉट जुलाई 2022 में अफगान टीम के कोच बने थे और उनके मार्गदर्शन में टीम पहली बार चैम्पियंस ट्रॉफी खेलेगी। एसीबी ने कहा, ‘बोर्ड ट्रॉट को अफगानिस्तान की टीम के साथ अगले साल के कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता है। उनके आने से टीम का प्रदर्शन बेहतर हुआ है और वह अफगानिस्तान क्रिकेट को वैश्विक मंच पर आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
ट्रॉट के कोच बनने के बाद से ही अफगानिस्तान ने 34 एकदिवसीय मैचों में से 14 में जीत दर्ज की है। इस दौरान अफगानिस्तान ने जो 44 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले उनमें से 20 में वह जीती है। अफगानिस्तान की टीम अभी जिम्बाब्वे दौरे पर है। यहां उसे तीन टी20, तीन एकदिवसीय और दे टेस्ट मैच खेलने हैं हालांकि ट्रॉट एकदिवसीय सीरीज में ही उपलब्ध रहेंगे। निजी कारणों से वह टी20 और टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। ट्रॉट के नहीं रहने पर कोच की जिम्मेदारी हामिद हसन और सहायक कोच की नवरोज मंगल संभालेंगे।