अडानी ग्रुप डिफेंस सेक्टर में करेगा 3 हजार करोड़ से ज्यादा का निवेश
Feb 28, 2024
नई दिल्ली । अब डिफेंस सेक्टर में भी अडानी ग्रुप अपनी पकड़ मजबूत करने जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार अदाणी समूह की अदाणी डिफेंस एंड एरोस्पेस उत्तर प्रदेश के कानपुर में बड़ा निवेश करने की तैयारी में है। इस मामले में कंपनी के सीईओ आशीष राजवंशी ने बताया कि डिफेंस एंड एयरोस्पेस साल 2027 तक कानपुर में अपने नए गोला-बारूद और मिसाइल परिसरों में 3,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश करेगा। गौरतलब है कि 26 फरवरी को ही कानपुर के इस मिसाइल कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया गया था। यहां पर दक्षिण एशिया में सबसे बड़ी गोला-बारूद निर्माण की सुविधा होगी। इस कॉम्पलेक्स की शुरुआत 1,500 करोड़ रुपये के शुरुआती इंवेस्टमेंट से हुई है। उम्मीद की जा रही है कि इससे करीब लगभग 4,000 लोगों को नौकरियों का मौका भी मिलेगा। इसके साथ ही अप्रत्यक्ष रूप से इससे सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम और स्थानीय कंपनियों में भी 20,000 नौकरियों के अवसर बनेंगे।
इस मामले में अदाणी पोर्ट्स एंड एसईजेड लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी करण अदाणी ने बताया कि मात्र 15 महीने में 5 हजार एकड़ में बनकर तैयार हो रहा है। अदाणी समूह का ये उत्पादन कॉम्प्लेक्स दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा एम्युनेशन मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स बनने जा रहा है। इसकी क्षमता प्रतिवर्ष 150 मिलियन राउंड एम्युनेशन उत्पादन की है। यहां रायफल, लाइट मशीन गन (एलएमजी), एके-47 और कार्बाइन की गोलियां बनेंगी। अगले चरण में आर्टिलरी गन, गोला-बारूद, तोपें और हैंड ग्रेनेड समेत सेना के जवानों के लिए अलग-अलग तरह के अस्त्र-शस्त्र व सुविधाओं संबंधित उत्पाद निर्मित किए जाएंगे। 15 सौ करोड़ से शुरू हुआ ये प्रोजेक्ट अगले पांच साल में 3 हजार करोड़ तक पहुंच जाएगा।