‎बिजली की जरुरत को पूरा करने अडाणी ने मुंबई में 400 केवी ग्रिड किया चालू

Oct 03, 2023

मुंबई । बिजली की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (एईएसएल) ने मुंबई में अपना पहला 400-केवी ग्रिड शुरू कर ‎दिया है। इस ‎ग्रिड के शुरु होने से ‎बिजली उत्पादन काफी बढ़ जाएगा। खारघर विक्रोली ट्रांसमिशन लिमिटेड की नई लाइन से मौजूदा ट्रांसमिशन और वितरण क्षमता बढ़ेगी और शहर में 1000 मेगावाट बिजली उत्‍पादन बढ़ेगा। शहर में हाल के वर्षों में 12 अक्‍टूबर 2020 और 27 फरवरी 2022 को दो बड़ी ग्रिड विफलताएँ देखी गईं, जिससे आपूर्ति कई घंटों के लिए ठप हो गई।

इस पर राजनीतिक हंगामा भी हुआ। एक अधिकारी ने कहा, खारघर-विक्रोली लाइन भविष्य में ऐसी किसी भी घटना को कम करने के समाधान के रूप में मुंबई शहर में अतिरिक्त 1,000 मेगावाट विश्वसनीय बिजली लाएगी। इस परियोजना के चालू होने से, मुंबई को अपनी नगरपालिका सीमा के भीतर 400 केवी ग्रिड मिल गया है, जिससे इसकी बिजली ग्रिड के भीतर आयात क्षमता में वृद्धि हुई है और विश्वसनीयता और स्थिरता में सुधार हुआ है। योजना एक दशक से अधिक समय से चल रही थी और शहर के बिजली आपूर्तिकर्ताओं के बीच कथित प्रतिद्वंद्विता सहित विभिन्न कारणों से इसमें देरी हुई। 

हालां‎कि यहां पर एईएसएल ने लाइन बिछाने के दौरान कई चुनौतियों का सामना किया। मुख्य रूप से कठिन इलाकों में काम बहुत मु‎श्किल था, लेकिन प्रौद्योगिकी और नवाचार के उपयोग से इन पर काबू पा लिया गया। इनमें ठाणे क्रीक में फ्लोटिंग बार्ज पर भारी रिग्स का उपयोग करके निर्मित छह टावर शामिल हैं और शहरी क्षेत्रों में, विशेष क्षैतिज विन्यास टावरों को अपनाकर कुछ स्थानों पर ऊंचाई से संबंधित प्रतिबंधों को दूर किया गया है। इसकी सूची में अगली एक और प्रमुख बिजली लाइन कुडु-आरे लाइन है जो शहर में 1000 मेगावाट बिजली लाने में मदद करेगी। 



Subscribe to our Newsletter