ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अभिमन्यु ईश्वरन कर सकते हैं भारत ए की कप्तानी

मुम्बई । अभिमन्यु ईश्वरन अगले माह ऑस्ट्रेलिया ए टीम के खिलाफ होने वाले मुकाबलों में भारत ए टीम की कप्तानी कर सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया ए की टीम का सितंबर में भारत दौरे का कार्यक्रम है। इस दौरे में वह भारत ए टीम के खिलाफ 16 सितंबर से 5 अक्टूबर तक एक अनौपचारिक टेस्ट और एकदिवसीय सीरीज खेलेगी। इस सीरीज में अभिमन्यु बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने अब तक एक भी टेस्ट नहीं खेला है। अभिमन्यु ईश्वरन ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दौरे पर जा चुके हैं पर उन्हें अवसर नहीं मिला है। वहीं ऋतुराज 2023 में वेस्टइंडीज दौरे पर गए थे पर उन्हें भी तब अंतिम ग्यारह में जगह नहीं मिली थी। ईश्वरन लंबे समय से अपने टेस्ट डेब्यू का इंतजार कर रहे हैं। वही ऋतुराज एकदिवसीय और टी20 में डेब्यू कर चुके हैं। 

वहीं साई सुदर्शन तीसरे नंबर पर खेल सकते हैं। इसके बाद वह वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज का हिस्सा होंगे। सुदर्शन ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। करुण नायर और सरफराज खान को भी इस टीम में जगह मिलना तय है। करुण ने टेस्ट टीम में जगह बनाई थी पर वह इंग्लैंड दौरे पर वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाये थे। ईशान किशन को भी इस बार अवसर मिल सकता है। वह इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के अंतिम मैच में भारतीय टेस्ट टीम में जगह बनाने के काफी करीब थे पर फिट नहीं होने के कारण उन्हें अवसर नहीं मिला। तब ऋषभ के रिप्लेसमेंट के तौर पर एन जगदीशन को शामिल किया गया था। जगदीशन को भी इंडिया ए टीम में जगह मिल सकती है। इसके अलावा बल्लेबाज देवदत्त पडिकल और स्टार ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर भी इंडिया ए के लिए खेलेंगे। भारतीय टीम में वापसी का प्रयास कर रहें मोहम्मद शमी को भी टीम में जगह मिल सकती है। शुल कंबोज और खलील अहमद भारतीय दल का हिस्सा होंगे। अंशुल ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। स्पिनर के तौर पर तनुश कोटियन और मानव सुथार को जगह मिल सकती है। 

ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट सीरीज के लिए भारत ए की संभावित टीम: अभिमन्यु ईश्वरन (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, साई सुदर्शन, करुण नायर, सरफराज खान, देवदत्त पडिक्कल, ईशान किशन, नारायण जगदीसन, शार्दुल ठाकुर, मानव सुथार, अंशुल कंबोज, मोहम्मद शमी, तनुष कोटियन, खलील अहमद, हर्ष दुबे ।


Subscribe to our Newsletter