होटल में युवक की संदिग्ध मौत! शॉर्ट पीएम में कारण स्पष्ट नहीं, बिसरा रायपुर लैब भेजा जाएगा; इंस्टाग्राम फ्रेंड से मिलने आया था युवक
Nov 20, 2025
जांजगीर। कालिका होटल में ठहरे युवक-युवती की मुलाकात एक रहस्यमयी मौत में बदल गई। होटल में रुके जावलपुर निवासी युवक कृशचंद देवांगन की अचानक हालत बिगड़ गई और उसे रात में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर डॉक्टरों ने बिसरा प्रिजर्व किया है, जिसे विस्तृत जांच के लिए रायपुर की लैब भेजा जाएगा। असली वजह बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। पुलिस के मुताबिक मृतक युवक की दोस्ती बिर्रा की रहने वाली युवती से इंस्टाग्राम पर हुई थी।
दोनों पहले भी 2–3 बार मिल चुके थे। शुक्रवार को दोनों जांजगीर के कालिका होटल में रुके थे। देर रात युवक की तबीयत अचानक बिगड़ी और अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि युवक के पेट में कुछ टैबलेट मिली हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत की कोई ठोस वजह सामने नहीं आई है और पुलिस बिसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जो इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठाएगी।