महिला ने खूबसूरती की चाह में बदल दिया पूरा चेहरा

लंदन । खूबसूरती को निखारने की चाह में अक्सर लोग कॉस्मेटिक सर्जरी का सहारा लेते हैं। कई बार यह जुनून इतना बढ़ जाता है कि व्यक्ति खुद की असल पहचान ही खो बैठता है। ऐसा ही एक वाकया बुल्गारिया की रहने वाली एंड्रिया इवानोवा के साथ हुआ। एक समय पर नेचुरल ब्यूटी का प्रतीक मानी जाने वाली एंड्रिया ने खुद को इस हद तक बदल डाला है कि अब उन्हें पहचानना भी मुश्किल हो गया है। वे आज ‘दुनिया की सबसे बड़े होंठों वाली महिला’ के नाम से जानी जाती हैं और सोशल मीडिया पर अपने अनोखे लुक को लेकर चर्चाओं में रहती हैं। एंड्रिया ने अपने होंठों को बार-बार फिलर से भरवाकर उन्हें इतना बड़ा बना लिया है कि कई डॉक्टर अब उनका इलाज करने से भी मना कर चुके हैं। इस प्रोसेस को पूरा करने में उन्होंने अब तक करीब 20,000 पाउंड यानी लगभग 21 लाख रुपये खर्च किए हैं। वे पिछले कई वर्षों से हर महीने कम से कम एक बार यह दर्दनाक प्रक्रिया दोहराती हैं।

 हालांकि, एंड्रिया इससे संतुष्ट नजर आती हैं। उनका कहना है कि उन्हें बड़ी चीजें पसंद हैं जैसे बड़े होंठ, भारी मेकअप और फिलर्स से भरा चेहरा। उन्होंने खुद को ‘अल्टीमेट बार्बी डॉल’ जैसा लुक देने की चाह में कई और कॉस्मेटिक बदलाव भी करवाए हैं। उन्होंने ब्रेस्ट ऑग्मेंटेशन करवा कर 600सीसी के सिलिकॉन इम्प्लांट्स भी लगवाए हैं, साथ ही उन्होंने अपनी जॉलाइन, ठोड़ी और गालों में भी हयालूरोनिक एसिड के इंजेक्शन लिए हैं। इसके अलावा अपने बालों और आइब्रो को ब्लीच करवा कर ब्लोंड रंग में रंगवा चुकी हैं। सोशल मीडिया पर एंड्रिया की अच्छी खासी फॉलोइंग है। उनके करीब 38,000 से अधिक फॉलोअर्स हैं, और वे अक्सर अपनी बोल्ड तस्वीरें साझा करती हैं।

 हालांकि उनके परिवार को उनका यह लुक पसंद नहीं है। उनके माता-पिता और दादा-दादी मानते हैं कि वे अब डरावनी लगती हैं और बार-बार उन्हें इस बारे में टोकते रहते हैं। मगर एंड्रिया पर इन बातों का कोई असर नहीं होता। उनका कहना है कि वह अपने शरीर के साथ क्या करेंगी, यह उनका निजी फैसला है। उनके दोस्त भी उनके बदले हुए लुक को स्वीकार कर चुके हैं और उनके साथ सहज महसूस करते हैं। 


Subscribe to our Newsletter