सावन के आखिरी सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

Aug 24, 2026

-वाराणसी से उज्जैन और देवघर तक मंदिरों में लगीं लंबी कतारें

-काशी विश्वनाथ में सुबह 7 बजे तक 1.05 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

-देवघर में लगी 4 किमी तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार 

नई दिल्ली,। सावन के चौथे और आखिरी सोमवार को देशभर के प्रमुख शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। वाराणसी के काशी विश्वनाथ, उज्जैन के महाकालेश्वर, झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम और मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर सहित प्रमुख मंदिरों में रात से ही श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। बड़ी संख्या में कांवड़िए भी भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे। मंदिरों में मंत्रोच्चार, रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना के बीच भक्तों ने सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की।

वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए छह द्वारों से प्रवेश की व्यवस्था की गई। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं तथा ड्रोन से निगरानी की जा रही।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सुबह 7 बजे तक करीब 1.05 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। मंदिर को रुद्राक्ष और फूलों से सजाया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार, तड़के से ही देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालु लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की है।

देवघर में चार किलोमीटर की लंबी कतार

झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मंदिर के कपाट सुबह 3:15 बजे खुले। पूजा-अर्चना के बाद 4:10 बजे आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू किए गए। मंदिर परिसर के बाहर करीब चार किलोमीटर लंबी कतार लगी रही। कांवड़ियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय और दूसरे राज्यों से आए श्रद्धालु भी जलाभिषेक के लिए पहुंचे। 

उज्जैन में भस्म आरती के लिए उमड़े भक्त

मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में भी आखिरी सोमवार को विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालु भस्म आरती और विशेष पूजा में शामिल हुए। मीडिया के सम्मुख एक भक्त ने कहा कि सावन का आखिरी सोमवार उनके लिए विशेष रहा, क्योंकि उन्हें सुबह महाकाल की भस्म आरती के दर्शन का अवसर मिला।

एटा, अहमदाबाद और मुजफ्फरपुर में भी भारी भीड़ 


उत्तर प्रदेश के एटा स्थित कैलाश मंदिर में भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया। गुजरात के अहमदाबाद में सरदारनगर स्थित शिव मंदिर में विशेष पूजा और रुद्राभिषेक का आयोजन हुआ। बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीब नाथ धाम में भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही। 

पुरी पहुंचे हजारों कांवड़िया 

ओडिशा के पुरी में भी सावन के आखिरी सोमवार पर हजारों कांवड़िया श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने महाप्रभु श्री जगन्नाथ के दर्शन किए। मंदिर में कपाट खुलने की रस्म ‘द्वारा फीता नीति’ पूरी की गई। देशभर के शिवालयों में दिनभर विशेष पूजा, जलाभिषेक और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला जारी रहा।


Subscribe to our Newsletter