भव्य दरबार सजा मां भवानी का, नवरात्रि में देवीमय होगा मंडी क्षेत्र, उमड़ेगी भक्तों की आस्था ।
Sep 20, 2025
- वस्त्रों और पारंपरिक अलंकरण से सुसज्जित द्वार भक्तों को आकर्षित करेंगे, मां भवानी के दरबार में भव्य सजावट की तैयारियां अंतिम चरण में
युग प्रदेश संवाद दाता सीहोर । गल्ला मंडी चौराहे पर इस वर्ष भी नवरात्रि पर्व को लेकर मां भवानी का दरबार भव्य रूप से सजाया जा रहा है। इस बार विशेष रूप से वस्त्रों और पारंपरिक अलंकरण से सुसज्जित द्वार भक्तों को आकर्षित करेंगे। आयोजन समिति द्वारा अंतिम तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि दस दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व में श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक माहौल का अनुभव हो सके।
मंडी क्षेत्र का मां गौरी मंदिर पूरे जिले में श्रद्धा का प्रमुख केंद्र माना जाता है। लगभग सात दशक पहले 1962 में यहां पर मां भवानी की स्थापना हुई थी, जबकि मंदिर का निर्माण 1975 में हुआ। तब से लेकर आज तक भक्त यहां आकर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की आस्था के साथ दर्शन करते हैं। नवरात्रि के दिनों में तो विशेष रूप से यहां भक्तों का सैलाब उमड़ता है और पूरा क्षेत्र देवीमय हो जाता है।
समिति और आयोजन की तैयारी
इस वर्ष नवरात्र महोत्सव का आयोजन राकेश राठौर की अध्यक्षता में किया जा रहा है। आयोजन समिति में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी घनश्याम मेवाड़ा को दी गई है। साज-सज्जा की जिम्मेदारी मितेश गांधी और भगवती प्रसाद शर्मा संभालेंगे। मंदिर संरक्षक हरी प्रसाद तिवारी और भगवती प्रसाद राठौर की देखरेख में यह महोत्सव संपन्न होगा। वहीं मां जगदंबे के दरबार से सालों से मातारानी के सेवा करने वाले मोहन राठौर, मुन्ना राठौर, योगेश भाह, मनीष तिवारी, भगवान दास मकैरया, सुहागमल राठौर, महेश तिवारी, निर्मल पंवार सहित अन्य सहयोगी आयोजन को सफल और भव्य बनाने में जुटे हैं।
भक्तों में उत्साह और उमंग
नवरात्रि के अवसर पर मां भवानी के दरबार में भक्तों का विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतिदिन होने वाली आरती, भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भक्त बड़ी संख्या में भाग लेंगे। इस बार मंडी क्षेत्र को देवीमय बनाने के लिए रोशनी और सजावट पर विशेष ध्यान दिया गया है। श्रद्धालु मां भवानी के आशीर्वाद के लिए बड़ी आस्था और भक्ति भाव से दरबार पहुंचेंगे और नवरात्र के पावन पर्व को उल्लासपूर्वक मनाएंगे।