कदम-कदम पर दिखेगी संस्कृति की झलक भारत मंडपम में लगेगा शिल्प बाजार

नई दिल्ली । राजधानी में कदम रखते ही जी-20 के मेहमान देश की संस्कृति से रूबरू होंगे। आईजीआई एयरपोर्ट से निकलते ही यक्ष-यक्षिणी की नमस्कार मुद्रा में लगी प्रतिमाएं मेहमानों का स्वागत करेंगी। वहीं, सेना के विमान सैन्य शक्ति का अहसास कराएंगे। जैसे-जैसे विदेशी मेहमानों का काफिला अपने-अपने होटलों की तरफ बढ़ेगा देश की सांस्कृतिक धरोहरों की चमक का अहसास उन्हें होता जाएगा।

एयरपोर्ट से होटल और लुटियन की दिल्ली में आयोजन स्थलों के बीच केंद्र व दिल्ली सरकार की सभी संबंधित एजेंसियों ने सजावट कर रखी है। कोशिश यही है कि मेहमान देश की बेहतरीन छवि लेकर वापस लौटें। दरअसल, ज्यादातर विदेशी मेहमान आईजीआई एयरपोर्ट से लेकर लुटियन की दिल्ली के बीच के होटलों में ठहरेंगे।

प्रगति मैदान मुख्य आयोजन स्थल होगा। इसे देखते हुए सरकारी एजेंसियों ने पूरे रूट को देश की सौम्य व सैन्य ताकत से सजा रखा है। सड़कों व फुटपाथ की सजावट में भारत की मेहमानवाजी भी दिखेगी और सेना की असरदार मौजूदगी भी। देशभर के फूलों की महक भी इस रूट पर बिखरी है। कई तरह के पौधों की हरियाली, फव्वारे, तरह-तरह की मूर्तियां व आकर्षक पार्कों की छटा अभी से बिखरी दिख रही है। दूसरी तरफ छावनी से दिल्ली-जयपुर हाईवे तक बीच में कई जगह तिरंगे के अलावा विभिन्न देशों के झंडे लगाए गए हैं। इस रास्ते में उन्हें तिरंगे से रंगा एक फुटओवर ब्रिज व महात्मा गांधी को चरखा चलाते हुए कटआउट दिखेगा। इसके अलावा उन्हें पूरे रास्ते में कई स्थानों पर स्वागत के लिए हाथ जोड़े हुए होर्डिंग्स भी दिखाई देंगे। हाईवे पर एयरपोर्ट की ओर से प्रवेश करने से पहले स्टील से बने बड़े-बड़े शब्दों में वेलकम टू दिल्ली लिखा गया है। 



Subscribe to our Newsletter