
इलाज के लिए लाई गई महिला जेल बंदी की एम्स हॉस्पिटल में मौत
Mar 25, 2025
भोपाल। शहर के गांधी नगर थाना इलाके में विदिशा जेल से इलाज के लिए एम्स हॉस्पिटल लाई गई महिला जेल बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। मामले में जहां पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है,वही महिला की मौत के मामले में मजिस्ट्रीयल जांच के दिए गए हैं। थाना पुलिस के अनुसार विदिशा जिले के शेरपुरा टीला इलाके में रहने वाली सुनीता कुचबुंदिया पति श्याम कुचबुंदिया (42) को विदिशा जिले के सिविल लाइन थाना पुलिस ने 7 नवंबर, 2024 को विदिशा रेलवे स्टेशन के नज़दीक एक लॉज के पास से दो किलो से अधिक गांजा और आधा किलो चरस सहित गिरफ्तार किया था।
सुनीता कुचबुंदिया के खिलाफ नशा तस्करी के तीन प्रकरण पहले से ही दर्ज हैं। उसे जेल भेजने के बाद पता चला कि उसे टीबी की गंभीर बीमारी हैं। इसके अलावा वह मिर्गी रोग से भी पीड़ित थी। बीमारी के कारण उसको इलाज के लिए विदिशा की जेल से भोपाल एम्स अस्पताल रैफर किया गया था। कुछ दिन उसका हमीदिया अस्पताल में भी इलाज चला था। भोपाल एम्स में इलाज के दौरान बीती दोपहर उसकी मौत हो गई है।