सरयू नदी में भैंस को नहला रहे किशोर को मगरमच्छ खींचकर ले गया, तलाश जारी
Jun 23, 2025
गोंडा,। ग्राम पंचायत सोनौली मोहम्मदपुर में सरयू नदी (घाघरा) में भैंस नहलाने गए छात्र को मगरमच्छ ने पानी में खींच लिया। वहां मौजूद लोग जबतक कुछ समझ पाते मगरमच्छ छात्र को नीद की बीच धारा में ले गया। लोगों की मदद से नदी में छात्र की तलाश की जा रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के मुताबिक सोनौली मुहम्मदपुर निवासी कुंवर बहादुर यादव का 13 साल का पुत्र राजबाबू रविवार को सरयू नदी में भैंस को नहलाने गया था। राजबाबू नदी में किनारे खड़ा था। तभी मगरमच्छ ने उसका पैर पकड़ा जिससे वह गिर गया फिर छात्र गर्दन पकड़कर नदी में खींचकर ले गया। वहां मौजूद लोगों को मगरमच्छ से छुड़ाने का प्रयास किया लेकिन, सफल नहीं हो सके।
वन विभाग व पुलिस नदी में जाल डालकर किशोर की तलाश कर रही है। गोताखोर की मदद से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। राजबाबू जूनियर हाईस्कूल में आठवीं में पढ़ता था। वह दो भाइयों में छोटा है। उसके पिता दिल्ली में रहकर नौकरी करते हैं। थानाध्यक्ष नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि किशोर को मगरमच्छ के खींच ले जाने की सूचना पर गोताखोर की मदद से सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस स्थान पर मगरमच्छों का बसेरा है। अक्सर पानी से बाहर मगरमच्छ दिख जाते हैं। एक माह पूर्व सोनौली मोहम्मदपुर गंगा बेचन पुरवा निवासी मुन्ना यादव को भी मगरमच्छ ने खा लिया था। बाद में उनका शव नदी किनारे मिला था।