तीन साल के मासूम की पहली मंजिल से गिरकर मौत, परिजन तीन तीन अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन नहीं मिला इलाज
Jul 25, 2025
इन्दौर एक दर्दनाक हादसे में खेलते-खेलते पहली मंजिल की बालकनी से गिरकर तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। वह परिवार का इकलौता बेटा था। हादसा आजाद नगर थाना क्षेत्र स्थित शिवनगर मूसाखेड़ी का है और मासूम बच्चे का नाम रियांश कासलीवाल था। परिजनों के अनुसार गिरने के बाद उसे सिर में गंभीर चोटें आई थीं इलाज के लिए उसे तीन अलग-अलग अस्पतालों में लेकर गये लेकिन किसी ने उपचार नहीं किया आखिरकार एमवाय अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ जब बहन के साथ पहली मंजिल की बालकनी में रियांश खेल रहा था। इसी दौरान बहन कुछ देर के लिए अंदर गई और तभी रियांश का संतुलन बिगड़ा और वह नीचे गिर गया। पड़ोसियों ने देखा और आवाज लगाई, जिसके बाद परिजन घायल रियांश को अस्पताल लेकर भागे।
रियांश के पिता अनिल कासलीवाल के अनुसार उसे पहले मेडीस्टर, फिर नोबल और फिर एक अन्य निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन कहीं भी इलाज नहीं मिला। दोपहर 3 बजे जब एमवाय अस्पताल लाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उपचार के दौरान रियांश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हादसे की जांच के तहत शव को मर्चुरी में रखवा कार्रवाई शुरू कर दी है।