ईडीएस में 91 फीसदी खुदरा निवेशकों को 1.06 लाख करोड़ घाटा

Jul 08, 2025

- डेरिवेटिव ट्रेड पर सेबी का खुलासा

मुंबई । वित्तीय वर्ष 2024-25 में शेयर बाजार के इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट (ईडीएस) में खुदरा निवेशकों को भारी नुकसान हुआ है। भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) की हालिया रिपोर्ट के अनुसार इस अवधि में लगभग 91 फीसदी खुदरा निवेशक घाटे में रहे, और उनका कुल नुकसान 1.06 लाख करोड़ रुपए से अधिक रहा। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में 41 फीसदी अधिक है। सेबी का यह विश्लेषण दिसंबर 2024 से मई 2025 के बीच की ट्रेडिंग गतिविधियों पर आधारित है। रिपोर्ट उन मीडिया दावों के बाद आई है, जिनमें कहा गया था कि अक्टूबर 2023 में डेरिवेटिव ढांचे में किए गए सुधारों के बाद खुदरा निवेशकों को नुकसान कम हुआ है।

सेबी ने खुदरा निवेशकों की सुरक्षा के लिए लॉट साइज बढ़ाने जैसे कई सख्त कदम उठाए। इसके चलते प्रीमियम के आधार पर इंडेक्स ऑप्शन टर्नओवर में 9 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि दो वर्षों की तुलना में इसमें अब भी 14 फीसदी की वृद्धि देखी गई है। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि एफएंडओ सेगमेंट में ट्रेड करने वाले रिटेल निवेशकों की संख्या में सालाना 20 फीसदी की गिरावट आई है, लेकिन यह संख्या दो वर्षों में अब भी 24 फीसदी अधिक है। वहीं प्रीमियम के हिसाब से रिटेल टर्नओवर में एक वर्ष में 11 फीसदी की कमी आई, पर दो वर्षों में 36 फीसदी की वृद्धि हुई है।


Subscribe to our Newsletter