राजधानी में 56 हजार 889 युवा मतदाता पहली बार देंगे वोट जिले में कुल 77 हजार 662 मतदाता बढे

Oct 04, 2023

  भोपाल । राजधानी में पहली बार 56 हजार 889 युवा मतदाता मतदान करेंगे।  भोपला जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान 77 हजार 662 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। इनमें 56 हजार 889 युवा मतदाता हैं, जो पहली बार मतदान करेंगे। हुजूर विधानसभा में सबसे अधिक 18 हजार 731 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। दो महीने पहले अगस्त तक हुजूर में तीन लाख 51 हजार 617 मतदाता थे। पुनरीक्षण के दौरान यहां 18 हजार 731 मतदाताओं के नाम जुड़ने के बाद अब इनकी संख्या तीन लाख 70 हजार 348 हो गई है।

बता दें कि कलेक्ट्रेट में बुधवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसी के आधार पर आगामी चुनाव में मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अगस्त में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य शुरू किया गया था। इस दौरान जिले की सभी विधानसभाओं से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, घटाने और संशोधन के लिए आवेदन बीएलओ को प्राप्त हुए थे। इस एक महीने के पुनरीक्षण में 18 साल के कुल 35 हजार 140 युवा मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।

जबकि 18 साल के 21 हजार 749 मतदाताओं के नाम पहले ही जोड़े जा चुके थे। मतदाता सूची में 77 हजार 662 मतदाताओं के नाम जोड़े जाने पर अब जिले में कुल 20 लाख 86 हजार 231 मतदाता हो गए हैं। इनमें 174 थर्ड जेंडर मतदाता हैं, जबकि 10 लाख 74 हजार 376 पुरुष और 10 लाख 11 हजार 681 महिला मतदाता शामिल हैं। जिले में विधानसभा क्षेत्र अनुसार मतदाताओं की संख्या हुजूर में 3,70,348, गोविंदपुरा में 3,92,905, मध्य में 2,37,997, दक्षिण -पश्चिम में 2,31, 849, नरेला में 3,49,472, उत्तर में 2,45,652, बैरसिया में 2,48,008 मतदाता शामिल है।

इस तरह कुल मतदाता की संख्या 20,86,231 है। इस बारे में दक्षिण भोपाल के एडीएम प्रकाश सिंह चौहान का कहना है कि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन बुधवार को कलेक्ट्रेट में किया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी 2034 मतदान केंद्रों पर बीएलओ मतदाता सूची का वाचन करेंगे। वहीं स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।  




Subscribe to our Newsletter