5 साल के बेटे पर भूत का साया, रेगिस्तान में बलि देने जा रहे थे मां-बाप?
Jul 18, 2025
पेरिस । फ्रांस के बोर्डो शहर में एक दंपति पर अपने 5 साल के बेटे की मोरक्को के सहारा रेगिस्तान में बलि देने की कोशिश का आरोप लगा है। उन्हें डर था कि उनका बेटा भूतग्रस्त है। इस मामले की सुनवाई गुरुवार को एक अदालत में शुरू हुई। दिसंबर 2023 में दक्षिणी स्पेन के अल्जेसिरास में पुलिस ने दंपति को तब गिरफ्तार किया, जब वे मोरक्को के टैंजियर जाने के लिए फेरी पर सवार होने वाले थे। दंपति पर आपराधिक साजिश और माता-पिता के कर्तव्यों में विफलता के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, दोनों ने इन आरोपों से इंकार किया है। एक रिश्तेदार ने फ्रांसीसी वकीलों को सूचित किया था कि बच्चे के पिता, फ्लोरियन एल. ने अपने बेटे को भूतग्रस्त मानते हुए रेगिस्तान में उसकी बलि देने की बात कही थी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, दंपति ने अपना घर किराए पर दे दिया था और एक कार खरीदी थी, जिससे यह संकेत मिलता है कि वे लंबी अवधि के लिए मोरक्को की यात्रा की योजना बना रहे थे। सरकारी वकीलों का मानना है कि ये कदम कथित बलि की तैयारी का हिस्सा थे। पेशे से संगीत टीचर यह दंपति खुद को सिस्टम विरोधी और रहस्यमयी विश्वासों को मानने वाला बताते हैं। उनके वकील ने अदालत में कहा कि उनका अपने बेटे को किसी भी तरह से नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था और वे सिर्फ मोरक्को की यात्रा करना चाहते थे क्योंकि उन्हें वह जगह पसंद थी।
बच्चे के हितों का प्रतिनिधित्व करने वाली वकील ने बताया कि दंपति के विश्वासों ने बच्चे को खतरे में डाल दिया था। पुलिस हिरासत में बच्चे ने ठंड, डर और हमारे अंदर के सांप को निकालने की बात कही थी, जो उसके माता-पिता के विश्वासों का प्रभाव दर्शाता है। बच्चा फिलहाल अपनी ननिहाल में अपने नाना-नानी की देखरेख में है।