स्नैक पैकेट में मिला खिलौना निगलने से 5 वर्षीय मासूम की मौत
Aug 03, 2026
- गले में फंसा प्लास्टिक का खिलौना, दम घुटने से गई जान
- पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
मैसूर । कर्नाटक के मैसूर जिले में स्नैक पैकेट के अंदर मिले एक छोटे प्लास्टिक के खिलौने को निगलने से पांच वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान गौरीपुरा गांव निवासी मुकुंद मयूर के रूप में हुई है। वह संतोष और ऐश्वर्या का इकलौता बेटा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चे ने स्नैक पैकेट में मिले प्लास्टिक के छोटे खिलौने को खेलते-खेलते मुंह में डाल लिया और गलती से उसे निगल गया। खिलौना उसके गले में फंस गया, जिससे उसका दम घुटने लगा।
परिजनों ने तत्काल बच्चे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस हादसे से परिवार गहरे सदमे में है, वहीं ग्रामीणों ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है। सूचना मिलने पर हुंसूर रूरल पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्नैक पैकेट में दिया गया खिलौना निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप था या नहीं।
इस घटना के बाद बच्चों के खाद्य उत्पादों के साथ दिए जाने वाले छोटे प्लास्टिक के खिलौनों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे छोटे खिलौने बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं, इसलिए इनके निर्माण और पैकेजिंग में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए।